
इंदौर। गुरुवार की सुबह और फिर शाम को इंदौर के नजदीक उमरियाखुर्द में फैली तेंदुए की दहशत आज सुबह कुछ हद तक कम हुई है। गुरुवार की रात वन विभाग की रेस्क्यू टीम द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ आया है, लेकिन ये वो घायल तेंदुआ नहीं है, जो उस दिन बार-बार नजर आया और घूम रहा था।
आज सुबह गांव के निवासी जब पिंजरा लगाए स्थान पर पहुंचे, तो उसमें तेंदुआ नजर आया। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी और वीडियो बनाया। हालांकि, गुरुवार को वीडियो में नजर आए तेंदुए के मुंह पर खून लगा नजर आ रहा था, जिससे प्रतीत हो रहा था कि वो घायल है, लेकिन इस तेंदुए को देख ग्रामीणों ने दावा किया है कि ये वो तेंदुआ नहीं है। पिंजरे में रखे शिकार को देख आया ये तेंदुआ दूसरा है। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम तुरंत पहुंची और पिंजरे सहित तेंदुए को लेकर रवाना हो गई।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। उल्लेखनीय है कि उमरियाखुर्द (क्रिसेंट वॉटर पार्क के नजदीक) में गुरुवार की सुबह एक घर के पीछे और फिर उसी घर मालिक के खेत में शाम को एक घायल तेंदुआ नजर आया था। वन विभाग की रालामंडल रेस्क्यू टीम यहां पहुंची थी, लेकिन तेंदुआ नजर नहीं आया, जिसके बाद वे गुरुवार रात कैमरे और एक पिंजरा लगाकर लौटे थे। कल सुबह पिंजरा खाली मिला और रेस्क्यू टीम फिर पहुंची, लेकिन खाली हाथ लौटी और कल रात ये तेंदुआ पिंजरे में आ गया।
रालामंडल में निगरानी में
फिलहाल तेंदुए को रेस्क्यू टीम रालामंडल में लेकर गई है और वहां वो चिकित्सक की निगरानी में हैं। रालामंडल अधीक्षक सुभाष शर्मा ने बताया कि फिलहाल उसे निगरानी में रखा गया है। ये वो तेंदुआ नहीं है, जो नजर आया था। ये शिकार की लालच में फंस गया। चिकित्सक इसकी जांच कर रहे हैं। अगर सब कुछ सही मिला, तो कुछ ही घंटों में इसे फिर जंगल में छोड़ दिया जाएगा, वरना इलाज के लिए रखा जाएगा।
फिर लगाएंगे पिंजरा
वन विभाग की टीम के अनुसार, वो तेंदुआ घायल नजर आ रहा है, इसलिए एक बार फिर उसी जगह पर पिंजरा लगाएंगे। तेंदुए का मूवमेंट उस क्षेत्र में जिस जगह पर ज्यादा है, पिंजरा एक बार फिर वहीं लगाया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved