
इंदौर। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा गुम मोबाइल फोन की शिकायतों पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए करीब ₹20 लाख कीमत के 112 मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित आवेदकों को सुपुर्द किए गए। ये मोबाइल फोन सिटीजन कॉप एप्लीकेशन (Citizen Cop Application) एवं CEIR (Sanchar Saathi Portal) पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर तलाशे गए थे।
आज क्राइम ब्रांच द्वारा बरामद किए गए 112 मोबाइल फोन जो वापस किए गए हैं, उनमें विभिन्न कंपनियों के महंगे एवं आधुनिक मोबाइल शामिल हैं। इनमें गूगल पिक्सल, आईफोन, आईटेल, एमआई, लावा, मोटोरोला, वनप्लस, ओप्पो, पोको, रियलमी, रेडमी, सैमसंग, टेक्नो एवं वीवो कंपनियों के मोबाइल फोन शामिल हैं।
बरामद मोबाइल फोन का कंपनीवार विवरण: बरामद किए गए 112 मोबाइल में
गूगल पिक्सल – 01, आईफोन – 01, आईटेल – 01, एमआई – 01, लावा – 01, मोटोरोला – 06, वनप्लस – 09, ओप्पो – 16, पोको – 02, रियलमी – 14, रेडमी – 09, सैमसंग – 07, टेक्नो – 02, वीवो – 42 है।
क्राइम ब्रांच की साइबर सेल टीम द्वारा वर्ष 2026 में प्राप्त गुम मोबाइल फोन की शिकायतों का निराकरण करते हुए आज दिनांक तक कुल 1,045 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को लौटाए जा चुके हैं। बरामद मोबाइल फोन मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों से भी तलाशे गए हैं।
गुम मोबाइल की शिकायतों के निराकरण में सिटीजन कॉप एप एवं CEIR पोर्टल बने उपयोगी माध्यम
इंदौर पुलिस द्वारा संचालित सिटीजन कॉप एप्लीकेशन आमजन को पुलिस तक ऑनलाइन शिकायत एवं सूचना पहुंचाने की सुविधा प्रदान करती है। एप के माध्यम से किसी वस्तु के गुम अथवा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। वहीं, भारत सरकार के दूरसंचार विभाग का CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन के IMEI नंबर को ब्लॉक कराने तथा मोबाइल की तलाश में सहायता करने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है।
इन डिजिटल माध्यमों के जरिए प्राप्त शिकायतों पर क्राइम ब्रांच की साइबर सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं आवश्यक कार्रवाई करते हुए गुम मोबाइल फोन की तलाश की जाती है। इन सुविधाओं के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ने के साथ ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने का रुझान भी बढ़ रहा है।
मोबाइल गुम या चोरी होने पर ऐसे दर्ज करें शिकायत
1. सिटीजन कॉप एप्लीकेशन के माध्यम से-
Google Play Store से Citizen Cop एप डाउनलोड करें।
गुम/चोरी की शिकायत (Report Lost Article) विकल्प चुनें।
निर्देशों से सहमत होकर Mobile + SIM Card का विकल्प चुनें।
मांगी गई जानकारी के साथ शिकायत फॉर्म भरें।
मोबाइल का बिल एवं थाने में की गई शिकायत की प्रति उपलब्ध होने पर अपलोड करें।
वैकल्पिक मोबाइल नंबर दर्ज कर शिकायत सबमिट एवं कन्फर्म करें।
शिकायत क्रमांक सुरक्षित रखें, ताकि आगे की कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की जा सके।
मोबाइल मिलने पर शिकायत में दर्ज वैकल्पिक मोबाइल नंबर के माध्यम से आवेदक को सूचित किया जा सकता है।
2. CEIR (Sanchar Saathi) पोर्टल के माध्यम से-
मोबाइल गुम या चोरी होने पर पहले नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
संबंधित मोबाइल सेवा प्रदाता से अपनी सिम दोबारा जारी करवाएं।
भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://www.ceir.gov.in/ पर जाएं।
मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें।
आवश्यक विवरण एवं उपलब्ध दस्तावेज, जैसे मोबाइल बिल, पुलिस शिकायत तथा पहचान संबंधी दस्तावेज, पोर्टल के निर्देशानुसार अपलोड करें।
आवेदन जमा करने के बाद प्राप्त Request ID सुरक्षित रखें, जिससे शिकायत की स्थिति ट्रैक की जा सके।
इंदौर पुलिस की अपील
इंदौर पुलिस आमजन से अपील करती है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें तथा सिटीजन कॉप एप्लीकेशन एवं CEIR पोर्टल का उपयोग कर शिकायत दर्ज कराएं। मोबाइल का IMEI नंबर एवं खरीद संबंधी दस्तावेज सुरक्षित रखें। किसी अन्य व्यक्ति का गुम मोबाइल मिलने पर उसका अनुचित उपयोग करने के बजाय पुलिस को सूचित करें।
सराहनीय भूमिका
गुम मोबाइल फोन की तलाश एवं बरामदगी में क्राइम ब्रांच इंदौर की साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved