
जबलपुर। संस्कारधानी में मध्यप्रदेश राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ की शाखा का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया और पारदर्शिता के साथ कराया जा रहा है। हर पांच वर्ष में होने वाले इस चुनाव में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे दृष्टिबाधित मतदाता ब्रेल लिपि में तैयार पांच पृष्ठों के मतपत्र से अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं।
चुनाव प्रक्रिया दिल्ली से आए तीन सदस्यीय चुनाव आयोग और स्थानीय सदस्यों की निगरानी में संपन्न कराई जा रही है। संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. शिवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि संगठन देश के 22 राज्यों में सक्रिय है। इसका उद्देश्य दृष्टिबाधितजनों के अधिकारों की रक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। चुनाव के माध्यम से उन्हें नेतृत्व चुनने और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिल रहा है। आयोजन में अंतर्राष्ट्रीय मानव मिलन संस्था, जबलपुर का विशेष सहयोग रहा। संस्था के वरिष्ठ अध्यक्ष मयूर संघवी के मार्गदर्शन में दृष्टिबाधितजनों के उत्थान और उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संस्था की ओर से करीब 600 बच्चों के शाम के भोजन की व्यवस्था भी की गई। आयोजन में तारे अंकल, मिसेज तारे, निर्मल चोपड़ा, नीरज वर्मा सहित अनेक समाजसेवियों का सहयोग रहा।
गायिका दृष्टि श्रीवास्तव का सम्मान
कार्यक्रम में गायिका दृष्टि श्रीवास्तव को मोमेंटो, शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। गायन के विभिन्न मंचों से जुड़ी दृष्टि श्रीवास्तव दृष्टिबाधित बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित भजन संध्या में प्रस्तुति देंगी। आयोजन के माध्यम से दृष्टिबाधित बच्चों और युवाओं को शिक्षा, रोजगार तथा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के समान अवसर उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved