
जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर मांडवा बस्ती में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर की छत पर लोहे का पुराना सामान रखते समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 12 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से झुलस गया है। घटना के बाद से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रामपुर मांडवा बस्ती निवासी देवेंद्र राजपूत की 55 वर्षीय पत्नी सीता राजपूत और उनके 23 वर्षीय बेटे किशन राजपूत रविवार शाम अपने घर की छत पर लोहे का पुराना सामान व्यवस्थित कर रहे थे। इसी दौरान, हाथ में मौजूद लोहे का सामान छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। करंट प्रवाहित होने के कारण दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे इसकी चपेट में आ गए। हादसे में मां-बेटे की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मुख्यमंत्री और पीडब्ल्यू मंत्री ने मांडवा बस्ती हादसे पर जताया दुख
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव तथा लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मांडवा बस्ती रामपुर में हुए हादसे में बिजली की हाई टेंशन लाईन के करंट से मां-बेटे की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ यादव और लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मंत्री श्री सिंह ने सूचना मिलते ही कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा से चर्चा कर घटना के बारे में पूरी जानकारी ली। उन्होंने घटना में घायल व्यक्ति के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ यादव ने हादसे में मृतकों को दो लाख रूपये एवं घायल व्यक्ति को 50 हजार रूपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं।
भतीजा गंभीर रूप से घायल
इस हादसे की चपेट में उनका 12 वर्षीय भतीजा बाबू उर्फ रियान राजपूत भी आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved