
जबलपुर। पाथेय साहित्य कला अकादमी की ओर से दत्त मंदिर सभागृह में डॉ. राजकुमार सुमित्र स्मृति संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सिहोरा के प्रतिष्ठित साहित्यकार अश्विनी कुमार पाठक को डॉ. सुमित्र सृजन सम्मान तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दीप्ति पटेल को सुमित्र कविता सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में योगदान के लिए विभिन्न संस्थाओं को संस्थाश्री अलंकरण से सम्मानित किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने डॉ. राजकुमार सुमित्र के साहित्यिक अवदान को याद करते हुए कहा कि उनका सृजन समाज की मूल धारा से जुड़ा हुआ था। उन्होंने साहित्य को सामाजिक सरोकारों, जीवन मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना से जोड़ा। संस्कारधानी की साहित्यिक परंपरा को समृद्ध करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनका साहित्य आज भी नई पीढ़ी को संवेदना, संस्कार और सृजनशीलता की प्रेरणा देता है। उनके नाम पर आयोजित यह समारोह साहित्यिक मूल्यों और रचनात्मक परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अजय विश्नोई रहे, जबकि अध्यक्षता डॉ. हरिशंकर दुबे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन एवं पूर्व महापौर प्रभात साहू उपस्थित रहे। अतिथियों के साथ डॉ. हर्ष कुमार तिवारी, मोहिनी तिवारी, डॉ. कामना कौस्तुभ और प्रियम तिवारी ने सम्मान प्रदान किए। समारोह का संचालन करते हुए पाथेय साहित्य कला अकादमी के महासचिव राजेश पाठक प्रवीण ने सम्मानित साहित्यकारों एवं संस्थाओं के रचनात्मक योगदान पर प्रकाश डाला।
सात संस्थाओं को संस्थाश्री अलंकरण
सामाजिक एवं सांस्कृतिक सेवाओं के लिए ब्राह्मण स्वयंवर संस्कार महासभा महिला प्रकोष्ठ, सर्व मंगला संस्था, कायस्थ महासभा महिला, जिला माहेश्वरी समाज, जिला साहू समाज महिला प्रकोष्ठ, सेम सीनियर सिटीजन क्लब और जायसवाल समाज महिला मंडल को संस्थाश्री अलंकरण प्रदान किया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved