
पटना । राजद नेता तेजस्वी यादव (RJD leader Tejaswi Yadav) ने कहा कि राजनीति नागरिकों के लिए है (Politics is for Citizens), न कि नागरिक राजनीति के लिए हैं (Not Citizens for Politics) ।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर के गोबरसही में पीएनजी पाइपलाइन में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत पर मंगलवार को शोक व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए राज्य सरकार और भाजपा पर गंभीर सवाल उठाए। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मुजफ्फरपुर के गोबरसही में पीएनजी पाइपलाइन विस्फोट की चपेट में आए एक व्यक्ति की मृत्यु पर वह अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर पीड़ित परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें। राजद नेता तेजस्वी यादव ने घटना के दौरान अग्निशमन वाहन के यातायात में फंसे होने को लेकर भाजपा की सभा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर भाजपा की एक सभा आयोजित की गई थी, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ता, नेता और पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता भी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के अनुसार, सभा में मौजूद लोगों को इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की सूचना मिल गई थी। इसके बावजूद यातायात में फंसे अग्निशमन वाहन को प्राथमिकता देकर घटनास्थल पर जल्द पहुंचाने की जरूरत नहीं समझी गई। तेजस्वी यादव ने इसे अक्षम्य बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में अग्निशमन वाहन को तत्काल रास्ता उपलब्ध कराया जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस मामले में संवेदनशीलता नहीं दिखाई। विपक्ष के नेता ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री को घटना की जानकारी तक नहीं है, इसलिए उन्होंने संवेदना भी व्यक्त नहीं की। तेजस्वी यादव ने कहा कि राजनीति नागरिकों के लिए है, न कि नागरिक राजनीति के लिए हैं। उन्होंने इस टिप्पणी के जरिए राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। गौरतलब है कि सोमवार को मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही इलाके में नाला निर्माण के दौरान पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद विस्फोट हुआ था। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved