
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के बस्तर में दिवाली मनाने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान पर सियासत तेज हो गई है। पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा और अब केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को जवाब दिया है। इस बयानबाजी ने माओवाद और नक्सलवाद के मुद्दे पर एक बार फिर सियासी बहस छेड़ दी है।
राहुल गांधी के बयान के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हथियारबंद माओवादियों का सफाया करने के लिए धन्यवाद देना चाहिए। रिजिजू ने अपने बयान में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने वामपंथी उग्रवाद और नक्सलवाद को देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया था। रिजिजू के इस जवाब के बाद माओवादी हिंसा और ‘दिमागी नक्सली’ के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved