
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections) को लेकर कांग्रेस (Congress) और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने गठबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जल्द बातचीत शुरू हो सकती है। कांग्रेस ने सपा के सामने रखे जाने वाले संभावित सीटों के प्रस्ताव को अंतिम रूप दे दिया है। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान दोनों दलों के नेताओं की मुलाकात हो सकती है।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन लगभग तय है। दिसंबर के पहले सप्ताह में दोनों पार्टियों के नेता सीट बंटवारे पर चर्चा कर सकते हैं। इस बातचीत में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सीधे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से बात करेंगी।
कांग्रेस रणनीतिकारों का कहना है कि पहले दोनों दलों के वरिष्ठ नेता सीटों की कुल संख्या पर सहमति बनाएंगे। इसके बाद सीटवार चर्चा की जाएगी। कांग्रेस नेतृत्व की कोशिश है कि सीटों की संख्या को लेकर सपा के साथ रिश्तों में किसी तरह की खटास न आए और गठबंधन मजबूत बना रहे।
2017 के मुकाबले ज्यादा सीटें चाहती है कांग्रेस
कांग्रेस के भीतर एक वर्ग ऐसा है, जो 2017 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार गठबंधन में अधिक सीटें मांगने की पैरवी कर रहा है। वहीं, समाजवादी पार्टी का तर्क है कि 2022 के चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा था। ऐसे में उसे ज्यादा सीटें देने से गठबंधन की चुनावी संभावनाओं पर असर पड़ सकता है।
सीटों की संख्या नहीं, जीतने की क्षमता पर सपा का जोर
समाजवादी पार्टी चाहती है कि सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर न हो, बल्कि हर सीट पर उम्मीदवार की जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाए। सपा का मानना है कि मजबूत प्रत्याशियों को मैदान में उतारना गठबंधन के लिए ज्यादा फायदेमंद होगा।
दरअसल, 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 में से 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी केवल दो सीटें ही जीत सकी थी। इस प्रदर्शन को देखते हुए सपा कांग्रेस को अधिक सीटें देने के पक्ष में नहीं दिख रही है।
वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था। समाजवादी पार्टी ने 61 और कांग्रेस ने 17 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। इनमें सपा को 37 और कांग्रेस को छह सीटों पर जीत मिली थी।
खास बात यह है कि कांग्रेस ने जिन 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, उनके अंतर्गत आने वाली 85 विधानसभा सीटों में समाजवादी पार्टी के 17 विधायक हैं। ऐसे में विधानसभा चुनाव के लिए सीटों का बंटवारा दोनों दलों के बीच अहम बातचीत का मुद्दा रहेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved