
दो-दो दुखों का गम और नारी शक्ति का दम… अपनी सास और इस देश की दुर्गा कही जाने वालीं इंदिराजी का गोलियों से छिदा शव देखने वाली सोनिया…अपने पति के अंग-भंग शव के टुकड़े समेटने वाली पत्नी…और अपने नन्हे बच्चों के आंसुओं को पोंछकर अपना विलाप छिपाने वाली मां को विदेशी कहकर ताना मारने वालों को आज तब आत्मचिंतन करना चाहिए, जब उन्होंने अपनी भावनाओं और दर्द को अपनी कलम से इस राष्ट्र को सौंपा है… बातें तो बहुत सी लिखी होंगी, लेकिन समझने वाली बात यह है कि इस देश की माटी में… इस देश की संस्कृति में… इस देश के संस्कारों में वो ताकत है, जो किसी भी इंसान के मन-मस्तिष्क, सोच और चरित्र को बदलने और अपनेपन में ढालने की ताकत रखता है…वो सोनिया ही थीं, जिन्होंने अपने माता-पिता को मनाकर राजीव का हाथ थामा… वो सोनिया ही थीं, जिन्होंने शादी होते ही सर पर पल्लू ढांककर यहां की सभ्यता को अपनाया… वो सोनिया ही थीं, जिन्हें इस देश की माटी और संस्कृति ने वो संबल दिया कि घर में हुई दो-दो असामयिक और निष्ठुर मौतों के बाद भी अपना हौसला नहीं गंवाया…इन सबसे बड़ी बात यह है कि जिस देश की सत्ता के लिए पति की मौत होते ही राजनीतिक दल पत्नी को चुनावों में खड़ा कर लोगों की सहानुभूति को वोटों में बदलते हैं और पत्नियां भी पति की मौत के आंसू सूखने से पहले उसकी जगह लेने के लिए उतावली हो जाती हैं… वहां सोनियाजी ने न साहस खोया, न मर्यादा को मिटाया…20 साल के राहुल और 19 साल की प्रियंका के सर पर हाथ रखकर उनकी परवरिश का वो जिम्मा उठाया, जो इस देश की हर मां करती है…जो बच्चों को संसार समझाती है और समाज में संस्कारों के साथ रहती है…अपनी दादी और पिता की मौत से सहमे बच्चों से सोनिया वादा करती हैं कि वो प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी… और इस बात की संतुष्टि रखती हैं कि उन्होंने वादा निभाया…जहां उन्होंने बच्चों की परवरिश का कर्त्तव्य निभाया, वहीं परिवार की विरासत बचाने के लिए उस समय पार्टी को संभाला, जब नरसिम्हाराव सत्ता गंवा चुके थे…अटलजी प्रधानमंत्री बन चुके थे…सीताराम केसरी कांग्रेस के अध्यक्ष बनकर पार्टी संभाल नहीं पा रहे थे और एक ऐसे व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाया, जिस पर कोई दाग लगा नहीं पाया… जिसने अर्थव्यवस्था को उस मुकाम तक पहुंचाया कि अमेरिका भी अपने डॉलर की गिरती औकात देखकर घबराया…दस साल के मनमोहन राज के मोहक कार्यकाल में सहयोगी दलों की लालची अपेक्षाओं को संभालना…भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना जब मुश्किल नजर आया और जनता ने विपक्ष में बिठाया, तब भी शांत मनोभाव से परिस्थितियों को स्वीकारा…अपरिपक्व राहुल के राजनीतिक प्रवेश पर उठी उंगली और पप्पू जैसे संबोधनों से भी विचलित हुए बिना राहुल को संघर्ष की सीख देने वाली सोनियाजी साबित कर चुकी हैं कि मात्र 41 वर्ष की उम्र में पति से बिछुड़ने वाली महिला साहस, संबल और संस्कार में एक कठोर भारतीय महिला की तरह पत्नी और मां के साथ परिवार की विरासत संभालने वाली ऐसी महिला हैं जो भले ही परदेश में जन्मी लेकिन देश के संस्कारों में पली-बढ़ीं हैं, जिन्हेें देखकर हर नारीशक्ति नाज कर सकती है…
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved