img-fluid

विजय के सामने सरकार को बचाए रखने की चुनौती खड़ी, TVK विधायकों से की अलग-अलग मुलाकात

November 12, 2026

चेन्नई। तमिलनाडु (Tamil Nadu) में डीएमके (DMK) को सत्ता से बाहर कर सरकार बनाने वाले मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (Chief Minister C. Joseph Vijay) के सामने अब अपनी सरकार को बचाए रखने की चुनौती खड़ी होने की चर्चा है। बुधवार को उन्होंने अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधायकों को बैठक के लिए बुलाया। इस बैठक के बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं कि क्या विजय को अपनी करीब छह महीने पुरानी सरकार गिरने का डर सताने लगा है?

करीब 2 घंटे 45 मिनट तक चली बैठक में विजय ने अधिकांश विधायकों से अलग-अलग मुलाकात की। कुछ विधायकों के साथ उन्होंने महज एक-दो मिनट बातचीत की, जबकि 10 विधायकों के एक समूह से एक साथ चर्चा की। इस दौरान विधायकों को उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर भरोसा दिलाया गया। साथ ही विरोधी दलों की ओर से मिलने वाले किसी भी प्रस्ताव या प्रलोभन को स्वीकार नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

TVK नेतृत्व के मुताबिक, पार्टी को सरकार गिराने की कोशिशों से जुड़ी नई खुफिया जानकारी मिली है। इसी के मद्देनजर विधायकों को सतर्क रहने और पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहने के लिए कहा गया।

13 नवंबर की तारीख विजय के लिए क्यों अहम?
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, बैठक का एक प्रमुख उद्देश्य 13 नवंबर से पहले विधायकों की पार्टी के प्रति निष्ठा मजबूत करना था। यह तारीख इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि विधानसभा में विजय सरकार के बहुमत साबित करने के छह महीने पूरे हो रहे हैं।

बैठक में विधायकों ने भी इस तारीख का बार-बार जिक्र किया। एक विधायक के मुताबिक, उन्हें बताया गया कि 13 मई से 13 नवंबर तक का समय काफी अहम है। 13 नवंबर के बाद कभी भी एक और अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है।


  • विधायकों को सतर्क रहने की सलाह, प्रलोभन से बचने को कहा
    विजय ने विधायकों को बताया कि सरकार के पास ऐसी खुफिया जानकारी है, जिससे संकेत मिलता है कि विपक्षी दल सरकार को अस्थिर करने की कोशिशों में जुटे हैं। उन्हें बताया गया कि डीएमके और एआईएडीएमके, दिल्ली की कुछ राजनीतिक ताकतों के समर्थन से सत्ताधारी दल के विधायकों को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

    मुख्यमंत्री ने विधायकों को सतर्क रहने और किसी भी तरह के प्रलोभन में नहीं आने की सलाह दी। एक विधायक के अनुसार, उन्हें भरोसा दिलाया गया कि पार्टी के सभी नए विधायकों का राजनीतिक भविष्य उज्ज्वल है। हालांकि, साथ ही यह चेतावनी भी दी गई कि जल्दबाजी में लिया गया कोई फैसला या आकर्षक प्रस्ताव के लालच में उठाया गया कदम उनके राजनीतिक भविष्य को हमेशा के लिए नुकसान पहुंचा सकता है।

    बैठक में किसी तरह की सीधी धमकी नहीं दी गई, लेकिन नेतृत्व का रुख काफी सख्त था। विधायकों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा पर कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा।

    ‘बिग बॉस’ के कन्फेशन रूम जैसी रही बैठक
    बैठक में शामिल एक विधायक ने विजय के साथ हुई मुलाकात की तुलना टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के कन्फेशन रूम से की। इस शो में प्रतियोगी एक-एक करके कमरे में जाते हैं और अपनी बात रखते हैं, जबकि उन्हें पता होता है कि उन पर नजर रखी जा रही है और उनकी बातें सुनी जा रही हैं।

    विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने भले ही शो का नाम नहीं लिया, लेकिन पूरी बैठक का अंदाज बिल्कुल ‘बिग बॉस’ जैसा था। ऐसा लग रहा था कि सभी विधायकों पर अलग-अलग नजर रखी जा रही है। विधायक के मुताबिक, विजय के साथ यह उनकी संभवत: तीसरी मुलाकात थी।

    60 से 70 करोड़ रुपये के ऑफर का आरोप
    इस बीच, सरकार गिराने की कथित कोशिशों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। विजय सरकार में मंत्री सीटी निर्मल कुमार ने हाल ही में आरोप लगाया था कि डीएमके की ओर से सत्ताधारी पार्टी के विधायकों से संपर्क किया गया और उन्हें 60 से 70 करोड़ रुपये तक देने की पेशकश की गई।

    उन्होंने दावा किया कि ऐसी कुछ कोशिशों के बाद गिरफ्तारियां भी हुईं और सामान जब्त किया गया। निर्मल कुमार ने डीएमके और एआईएडीएमके पर भाजपा के समर्थन से सरकार गिराने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

    दूसरी ओर, डीएमके ने TVK पर एआईएडीएमके विधायकों को अपने पक्ष में करने के लिए प्रलोभन देने का आरोप लगाया है। TVK ने इन आरोपों को खारिज किया है। ऐसे में तमिलनाडु की राजनीति में सरकार की स्थिरता और विधायकों की निष्ठा को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।

    Share:

  • बातचीत कम, दिखावा ज्यादा! ट्रंप-पुतिन और जिनपिंग की बैठक को लेकर चीन की अजीब शर्त

    Thu Nov 12 , 2026
    नई दिल्ली। दुनिया की तीन बड़ी शक्तियों अमेरिका, रूस और चीन (America, Russia, and China) के राष्ट्राध्यक्षों की संभावित बैठक को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इसी महीने चीन के शेनझेन में एक मंच पर आ सकते हैं। […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved