
डेस्क: न्यूजीलैंड के खिलाफ बे ओवल मैदान पर चौथे मुकाबले में 334 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत काफी शर्मनाक रही. कीवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में कहर बरपाते हुए बिना कोई रन खर्च किए भारत के तीन सबसे बड़े स्तंभ रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को पवेलियन भेज दिया. स्कोरबोर्ड पर 0 रन के स्कोर पर शुरुआती 3 विकेट गंवाने के साथ ही भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक खराब अध्याय जुड़ गया है.
मैट हेनरी ने अपनी स्विंग और सीम गेंदबाजी से भारतीय टॉप ऑर्डर को संभलने का कोई मौका नहीं दिया. ओवर की पहली ही गेंद पर हेनरी की उछाल लेती गेंद पर रोहित शर्मा पूरी तरह चकमा खा गए और गेंद बल्ले के ऊपरी किनारे से लगकर स्लिप में खड़े फिन एलेन के हाथों में चली गई. रोहित के बाद क्रीज पर आए विराट कोहली भी अंदर आती नीची गेंद को समझ नहीं सके और गेंद उनके बल्ले के नीचे से निकलकर सीधे स्टंप्स से जा टकराई.
इसके बाद, ओवर की आखिरी गेंद पर हेनरी की अंदर आती गेंद कप्तान श्रेयस अय्यर के पिछले पैड पर जा लगी. जिस पर अंपायर कुमार धर्मसेना ने अपील ठुकराई, लेकिन न्यूजीलैंड की ओर से रिव्यू लेने पर बॉल-ट्रैकिंग में थ्री रेड्स दिखे और अय्यर को भी बिना खाता खोले लौटना पड़ा. जिसके चलते भारत ने पहले ही ओवर में बिना खाता खोले 3 विकेट गंवा दिए और पुरुष वनडे क्रिकेट में भारत सिर्फ चौथी ऐसी टीम बन गई है जिसने पारी की शुरुआत में बिना खाता खोले अपने पहले तीन विकेट गंवा दिए.
इस मुकाबले में 0 पर आउट होने के साथ ही भारतीय दिग्गजों के करियर में कई अनचाहे रिकॉर्ड जुड़ गए हैं. वनडे क्रिकेट इतिहास में यह सिर्फ दूसरी बार है जब रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों एक ही मैच में 0 पर आउट हुए हैं. इससे पहले साल 2010 में दांबुला में श्रीलंका के खिलाफ दोनों दिग्गज खाता नहीं खोल सके थे. वहीं, ओपनर के तौर पर ये रोहित का पहला गोल्डन डक है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved