
रुड़की। हरिद्वार जिले में करीब ढाई लाख छात्रों के भोजन पर तीन दिन के लिए संकट खड़ा हो सकता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ताओं की भांति भोजन माताओं ने भी 18 नवंबर से लेकर 20 नवंबर तक तीन दिन की हड़ताल का ऐलान कर दिया है। चुनावी साल में कर्मचारियों की ओर से भी अपनी मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। हड़ताल एवं धरना प्रदर्शन शुरू हो चुके हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता हड़ताल पर है।
इसी बीच भोजन माताओं की ओर से भी ऐलान कर दिया गया है कि उनके मानदेय को लेकर सरकार की ओर से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं लेकिन मानदेय में बढ़ोत्तरी नहीं की जा रही है। इसलिए उन्होंने सरकार को चेताने के लिए 18 नवंबर से लेकर बीस नवंबर तक हड़ताल का ऐलान किया है। किसी भी स्कूल में भोजन माता दोपहर का खाना नहीं बनाएगी। भोजन माताओं की हड़ताल की घोषणा के बाद से शिक्षा विभाग के अधिकारियों में भी हड़कंप मचा है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सभी उप शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह हड़ताल के दौरान तीन दिन बच्चों के दोपहर के भोजन की व्यवस्था को बनाना सुनिश्चित करें। बच्चों को नियत समय पर दोपहर का भोजन उपलब्ध कराया जाए। प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी अभिषेक शुक्ला की ओर से इस संबंध में सभी से व्यवस्था कर अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। बताते चले कि कक्षा 1 से लेकर 8 तक के बच्चों को दोपहर का भोजन दिया जाता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved