
लखनऊ। यूपी (UP) विधान सभा चुनाव (assembly elections) के लिए सीट बंटवारे पर कांग्रेस (Congress) और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच मंगलवार यानी आज प्रस्तावित पहले दौर की बातचीत सोमवार देर शाम टाल दी गई। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की एक सूची सौंपी है। इसी सूची में से कांग्रेस अपने लिए सीटें चाहती है, जिसपर मंगलवार से बातचीत होनी थी। हालांकि, सोमवार देर शाम बैठक टलने को कांग्रेस-सपा के बीच तालमेल के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में बैठक टालने को ‘सूची’ पर सपा की जवाबी प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीं, कांग्रेस सूत्र इस मसले पर कह रहे हैं कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी में सोमवार की बातचीत के बाद तय हुआ है कि सपा पहले एक समन्वय समिति बनाएगी, जिसके बाद बातचीत का दौर शुरू होगा। 181 में कितनी सीटें कांग्रेस अपने लिए चाहती है, इस सवाल के जवाब में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि जब तक सीटवार बातचीत नहीं शुरू होती है, तब तक संख्या बता पाना मुमकिन नहीं होगा।
तीन-चार दिन बाद बैठक संभव
सूत्र बताते हैं कि सपा के साथ प्रस्तावित बैठक तीन-चार दिन बाद होगी। इस बीच सपा बातचीत के लिए एक समन्वय समिति बनाएगी। कांग्रेस की तरफ से बातचीत का मोर्चा यूपी प्रभारी, यूपी अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता संभालेंगे।
स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष होंगे अजय माकन
कांग्रेस ने यूपी विधानसभा में कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की घोषणा कर दी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन को इसका अध्यक्ष बनाया गया है। असलम शेख और बीवी श्रीनिवास इसके सदस्य होंगे।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यह साफ कर दिया है कि यूपी विधानसभा चुनाव इंडिया गठबंधन मिलकर लड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा है कि सीटों के बंटवारे पर अभी बातचीत नहीं हुई है, लेकिन आपसी सम्मान से तालमेल होगा। गठबंधन में सबसे बेहतर उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा। कांग्रेस ने यूपी में 181 सीटों पर चुनाव लड़ने का सूची सपा को सौंपी है। ये सूची आज दिनभर सोशल मीडिया पर घूमती रही। कांग्रेस द्वारा बुलाई गई बैठक में सपा के शामिल होने की स्थिति भी साफ नहीं है।
कांग्रेस से उत्तराखंड में सीट की मांग करेगी सपा
सपा की ओर से यही कहा गया है कि उन्हें इसकी कोई सूचना नहीं है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने फिलहाल बातचीत के लिए राज्यसभा सदस्य प्रो. राम गोपाल और सांसद राजीव राय को अधिकृत किया है, लेकिन बैठक में इनके जाने को लेकर स्थिति पूरी तरह से साफ नहीं है। सूत्रों का कहना है कि यूपी में कांग्रेस को सीट देने के एवज में सपा उत्तराखंड में भी सीट की मांग करेगी। बताया जा रहा है सपा उत्तराखंड में करीब 30 सीटों की मांग कर सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved