img-fluid

मरम्मत के लिए भारत क्यों आया अमेरिकी नौसेना का जहाज? जान लीजिए वजह

November 20, 2026

नई दिल्ली: अमेरिकी नौसेना का सप्लाई शिप USNS Wally Schirra मरम्मत के लिए चेन्नई के पास कट्टुपल्ली स्थित एलएंडटी शिपयार्ड पहुंचा है. यह सिर्फ एक जहाज की मरम्मत नहीं, बल्कि भारत की बढ़ती समुद्री औद्योगिक क्षमता और अमेरिका के भरोसे का भी संकेत है. खास बात यह है कि अमेरिकी नौसेना का कोई जहाज पांचवीं बार इस शिपयार्ड में मरम्मत के लिए पहुंचा है. इससे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत के शिप रिपेयर हब बनने की संभावनाओं को मजबूती मिली है.

USNS Wally Schirra अमेरिकी नौसेना की मिलिट्री सीलिफ्ट कमांड (MSC) का हिस्सा है. यह कमांड दुनिया भर में अमेरिकी सैन्य और सरकारी एजेंसियों को समुद्री परिवहन, लॉजिस्टिक्स और विशेष समुद्री सहायता उपलब्ध कराती है. जहाज 20 नवंबर को भारत पहुंचा और भारत-अमेरिका के बीच हुए मास्टर शिप रिपेयर एग्रीमेंट (MSRA) के तहत इसकी मरम्मत की जाएगी.

भारत और अमेरिका के बीच इस सहयोग की शुरुआत अगस्त 2022 में हुई थी, जब USNS Charles Drew भारतीय शिपयार्ड में मरम्मत कराने वाला पहला अमेरिकी नौसेना का जहाज बना. इसके बाद मार्च 2023 में USNS Matthew Perry और जुलाई 2023 में USNS Salvor की मरम्मत की गई. इसी सहयोग को संस्थागत रूप देने के लिए अप्रैल 2023 में एलएंडटी के कट्टुपल्ली शिपयार्ड ने अमेरिकी नौसेना के साथ मास्टर शिप रिपेयर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए. इसके बाद दिसंबर 2024 में USNS Charles Drew दोबारा मरम्मत के लिए कट्टुपल्ली पहुंचा.


  • इस बार की यात्रा की एक और खासियत है. USNS Wally Schirra संशोधित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू होने के बाद मरम्मत के लिए भारत पहुंचने वाला पहला अमेरिकी नौसैनिक जहाज है. नए SOP के जरिए जहाज के चालक दल के भारत में प्रवेश और यहां से रवानगी की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है. इसे विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन और रक्षा उत्पादन विभाग के बीच समन्वय से तैयार किया गया है.

    दिसंबर 2024 के बाद कट्टुपल्ली में अमेरिकी नौसेना के जहाज की मरम्मत गतिविधियों की यह पहली वापसी भी है. इससे साफ है कि भारत अब सिर्फ अपने जहाजों की मरम्मत तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक जहाजों के लिए भी एक भरोसेमंद मरम्मत केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

    भारत की भौगोलिक स्थिति, प्रमुख अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार मार्गों से निकटता, आधुनिक शिपयार्ड, कुशल तकनीकी कर्मचारी और बढ़ती औद्योगिक क्षमता उसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में जहाजों की मरम्मत और रखरखाव का बड़ा केंद्र बनाने की क्षमता रखते हैं. अमेरिकी नौसेना के जहाजों का लगातार भारतीय शिपयार्ड पहुंचना इसी दिशा में बढ़ता कदम है.

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved