img-fluid

सोना-चांदी में ऐतिहासिक गिरावट से सराफा बाजार में हलचल, 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंचे भाव

November 20, 2026

नई दिल्ली। सोने-चांदी (Gold and silver) की चमक फिलहाल फीकी पड़ती नजर आ रही है। वैश्विक और घरेलू बाजारों (Global and Domestic Markets) में दोनों कीमती धातुओं के भाव 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। इस गिरावट के चलते सराफा बाजार में चिंता का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना करीब 3,700 डॉलर प्रति औंस और चांदी 45 डॉलर प्रति औंस से नीचे कारोबार कर रही है। वहीं, घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स में गुरुवार को सोना 1,29,599 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,61,522 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली।

जनवरी 2026 में बने रिकॉर्ड उच्च स्तरों से तुलना करें तो कीमतों में आई गिरावट काफी बड़ी है। निवेशकों के लिए यह सवाल अहम हो गया है कि आखिर जिन सोने-चांदी को सुरक्षित निवेश का विकल्प माना जाता है, उनकी कीमतों में इतनी तेज गिरावट क्यों आ रही है?

जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से कितनी गिरावट?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना जनवरी 2026 में 5,602 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था। अब वहां से इसकी कीमत करीब 33 फीसदी नीचे आ चुकी है। इसी तरह चांदी भी 121 डॉलर प्रति औंस के शिखर से लगभग 63 फीसदी लुढ़क गई है। एक साल के आधार पर डॉलर में सोने की कीमत करीब 8.5 फीसदी और चांदी की कीमत लगभग 10.5 फीसदी कम हुई है।


  • भारतीय बाजार में भी गिरावट का असर साफ दिखाई दे रहा है। जनवरी में सोना 1,76,306 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्च स्तर पर था, जो अब करीब 26.5 फीसदी टूट चुका है। चांदी की कीमत भी जनवरी के 3,84,632 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड से लगभग 58 फीसदी नीचे आ गई है।

    आखिर क्यों गिर रही हैं सोने-चांदी की कीमतें?
    वित्तीय फर्म यूबीएस ने कीमती धातुओं में गिरावट के पीछे तीन प्रमुख वजहें बताई हैं। इनमें अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आशंका, डॉलर की मजबूती और शेयर बाजार में निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी शामिल हैं।

    1. अमेरिकी ब्याज दरें बढ़ने की आशंका: अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अक्तूबर में हुई बैठक और गवर्नर क्रिस्टोफर वॉलर के बयानों के बाद दिसंबर में ब्याज दरों में 25 आधार अंक की बढ़ोतरी की संभावना बढ़ गई है। बाजार में इसके 92.2 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान है। ब्याज दरें बढ़ने की आशंका से अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेजी आई है। चूंकि सोना और चांदी निवेशकों को ब्याज नहीं देते, इसलिए बॉन्ड से बेहतर रिटर्न की उम्मीद बढ़ने पर इन धातुओं का आकर्षण कम हो जाता है।

    2. डॉलर में मजबूती: डॉलर इंडेक्स बढ़कर 104 के करीब पहुंच गया है, जो अप्रैल 2025 के बाद इसका सबसे ऊंचा स्तर बताया जा रहा है। डॉलर मजबूत होने से दूसरी मुद्राओं में सोना-चांदी खरीदने वाले निवेशकों के लिए इनकी कीमत बढ़ जाती है। इसका असर मांग पर पड़ता है और कीमतों पर दबाव बनता है।

    3. शेयर बाजार की ओर बढ़ता निवेश: एआई, टेक्नोलॉजी और एनर्जी कंपनियों के शेयरों में तेजी ने निवेशकों का रुख बदल दिया है। बेहतर रिटर्न की उम्मीद में निवेशक फिलहाल इन क्षेत्रों में अधिक पैसा लगा रहे हैं। ऐसे में सोने जैसी सुरक्षित संपत्तियों में निवेश की मांग कमजोर पड़ रही है।

    कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भी नहीं दे पाई सहारा
    आमतौर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई की चिंता कम होती है और इसका असर सोने जैसी धातुओं के लिए सकारात्मक हो सकता है। बीते एक महीने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम करीब 15 फीसदी घटे हैं। इसके बावजूद सोने-चांदी की कीमतों को राहत नहीं मिली।
    इसकी वजह यह है कि फिलहाल बाजार में तेल की कीमतों से ज्यादा अमेरिकी ब्याज दरों, बॉन्ड यील्ड और डॉलर की मजबूती को महत्व दिया जा रहा है। यही कारक कीमती धातुओं की कीमतों पर हावी हैं।

    आगे क्या रह सकता है बाजार का रुख?
    मौजूदा गिरावट के बावजूद यूबीएस का सोने को लेकर दीर्घकालिक नजरिया सकारात्मक बना हुआ है। हालांकि, संस्थान ने निकट भविष्य के अनुमानों में सतर्कता बरती है। यूबीएस ने 2026 के अंत तक सोने का लक्ष्य 4,500 डॉलर प्रति औंस और 2027 के अंत तक 5,000 डॉलर प्रति औंस रखा है।
    संस्थान के मुताबिक, मौजूदा गिरावट को निवेशकों की पोजिशनिंग से जुड़ी बिकवाली के तौर पर देखा जा सकता है। ऐसे में बाजार को संभलने में कुछ समय लग सकता है।

    बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। अमेरिकी डॉलर की चाल, बॉन्ड यील्ड और फेडरल रिजर्व के आगामी फैसले बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। जब तक ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख और डॉलर की मजबूती बनी रहती है, तब तक कीमती धातुओं पर अल्पकालिक दबाव बने रहने की आशंका है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved