
लखनऊ । बसपा प्रमुख मायावती सहित भाजपा नेताओं (BSP chief Mayawati and BJP Leaders) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर (On passing of Chief Minister Yogi Adityanath’s Mother) शोक जताया (Expressed their Condolences) ।
बसपा प्रमुख मायावती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथकी मां के निधन पर शोक जताते हुए ‘एक्स’ पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का उनके गांव में निधन होने की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार और सभी रिश्तेदारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रकृति से उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। मायावती ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की ।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परम पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद, हृदयविदारक और पीड़ादायक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और सान्निध्य जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। उन्होंने शोक की इस कठिन घड़ी में मुख्यमंत्री और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के स्वर्गवास का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की अनमोल पूंजी है। उनका साया सिर से उठ जाना ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने भी मुख्यमंत्री की मां के निधन को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होता है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री और उनके समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी ने शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं। बीते दिनों उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनसे मिलने पहुंचे थे। बाद में पैतृक गांव में ही उनका उपचार चल रहा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में निधन हुआ था। उस समय मुख्यमंत्री कोरोना महामारी के मद्देनजर अधिकारियों के साथ बैठक में व्यस्त थे। शुक्रवार को मां के निधन के समय मुख्यमंत्री अपनी कर्मभूमि गोरखपुर में छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करने के कार्यक्रम में शामिल थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved