img-fluid

वेलिंगटन में केएल राहुल ने रचा इतिहास, विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर के खास क्लब में बनाई जगह..

November 21, 2026

नई दिल्ली ।भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) ने न्यूजीलैंड (New Zealand) के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट (Wellington Test) में शानदार शतक लगाकर इतिहास रच दिया। न्यूजीलैंड की धरती पर अपने पहले टेस्ट मुकाबले में राहुल ने ऐसी उपलब्धि हासिल की, जो इससे पहले किसी भारतीय ओपनर के नाम नहीं थी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड यानी चारों SENA देशों (SENA Countries) में टेस्ट शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के साथ ही राहुल भारतीय क्रिकेट के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए, जिन्होंने इन चारों देशों में टेस्ट सेंचुरी लगाई है।

वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन राहुल ने अपनी पारी को शतक तक पहुंचाया। उन्होंने 207 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। इससे पहले दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक वह 52 रन बनाकर नाबाद थे। तीसरे दिन मैदान पर उतरने के बाद उन्होंने धैर्य के साथ बल्लेबाजी जारी रखी और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के सामने अपनी तकनीक और अनुभव का परिचय दिया।

राहुल ने यह उपलब्धि जैकब डफी की गेंद पर एक रन लेकर हासिल की। उनके इस शतक के साथ ही भारतीय क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड दर्ज हो गया। राहुल अब पहले ऐसे भारतीय ओपनर बन गए हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड चारों देशों में शतक लगाया है। एशियाई ओपनरों की बात करें तो पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज सईद अनवर के बाद राहुल यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं।

इस रिकॉर्ड के साथ राहुल उन भारतीय बल्लेबाजों की विशेष सूची में भी शामिल हो गए हैं, जिन्होंने चारों SENA देशों में टेस्ट शतक लगाए हैं। उनसे पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली यह कारनामा कर चुके हैं। राहुल इस सूची में शामिल होने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। खास बात यह है कि इस उपलब्धि को हासिल करने वाले भारतीय ओपनर के रूप में उनका नाम सबसे पहले दर्ज हुआ है।

राहुल का यह टेस्ट करियर का 13वां शतक था। ओपनर के रूप में उनके टेस्ट शतकों की संख्या 12 हो गई है। इस मामले में उन्होंने मुरली विजय की बराबरी कर ली है। भारतीय ओपनरों में सुनील गावस्कर 33 शतकों के साथ पहले और वीरेंद्र सहवाग 22 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। राहुल ने वर्ष 2021 के बाद से ओपनिंग करते हुए सात टेस्ट शतक लगाए हैं। इस उपलब्धि में वह बेन डकेट, यशस्वी जायसवाल और दिमुथ करुणारत्ने के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर हैं।

न्यूजीलैंड में शतक लगाना भी राहुल के लिए एक खास उपलब्धि रही। वह इस देश में टेस्ट शतक बनाने वाले चौथे भारतीय ओपनर बन गए हैं। उनसे पहले सुनील गावस्कर, गौतम गंभीर और शिखर धवन यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। न्यूजीलैंड में किसी भारतीय बल्लेबाज का पिछला टेस्ट शतक 2014 में आया था, जब अजिंक्य रहाणे ने वेलिंगटन के इसी मैदान पर 118 रन बनाए थे।

राहुल ने अपनी पारी के दौरान यशस्वी जायसवाल के साथ भी महत्वपूर्ण साझेदारी की। जायसवाल ने 89 गेंदों पर 85 रन बनाए और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 130 रनों की साझेदारी हुई। उनके आउट होने के बाद देवदत्त पडिक्कल ने राहुल का साथ दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 165 रन जोड़े। पडिक्कल ने भी 80 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।

न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने चार विकेट पर 486 रन बना लिए थे और 118 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। राहुल 136 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शुभमन गिल 98 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ऋषभ पंत 55 रन बनाकर नाबाद थे।


  • राहुल की यह पारी केवल एक शतक तक सीमित नहीं रही, बल्कि विदेशी परिस्थितियों में भारतीय बल्लेबाजी की निरंतरता का भी महत्वपूर्ण उदाहरण बनी। चारों SENA देशों में ओपनर के रूप में शतक लगाने का उनका रिकॉर्ड भारतीय टेस्ट क्रिकेट में एक नया अध्याय जोड़ गया।

    Share:

  • गांवों में कांग्रेस का प्रदर्शन देख गदगद हुए राहुल गांधी, मनरेगा और किसानों के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

    Sat Nov 21 , 2026
    नई दिल्ली। राजस्थान (Rajasthan)के पंचायत चुनावों (Panchayat elections)में कांग्रेस के प्रदर्शन(Congress’s performance) के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने राज्य के ग्रामीण मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि लोगों ने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है वह अब पार्टी की जिम्मेदारी है। राहुल गांधी ने चुनावी नतीजों […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved