
जबलपुर। नगर निगम की आय बढ़ाने और राजस्व संग्रहण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में उन्होंने संभाग क्रमांक-11 में राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गलत डिमांड जारी करने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
बैठक में निगमायुक्त ने संभागीय अधिकारियों, राजस्व निरीक्षकों, सहायक राजस्व निरीक्षकों और कर संग्रहकर्ताओं को निर्देशित किया कि करदाताओं की सही मैपिंग कर सटीक डिमांड जारी की जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने सभी राजस्व अमले को रिकॉर्ड अपडेट रखने और प्रतिदिन की वसूली की नियमित समीक्षा करने की हिदायत दी। साथ ही कहा कि वे स्वयं विभिन्न संभागों का औचक निरीक्षण कर राजस्व वसूली की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे। निगमायुक्त ने आवासीय एवं व्यावसायिक करों के अलावा बाजार, भवन, कॉलोनी सेल और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण शुल्क की वसूली में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की आय में वृद्धि से शहर के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।