img-fluid

पुराने बॉस को मिली जांच की कमान, सिवनी प्रकरण की निष्पक्षता पर खड़े हुए गंभीर सवाल

November 20, 2026

  • गांजा केस में फंसाने की धमकी देने वाले 7 पुलिसकर्मी नपे, एएसपी व एसडीओपी भोपाल अटैच, सिवनी पुलिस की फिर हुई फजीहत, हवाला लूट के बाद अब होटल कांड में गिरी गाज

जबलपुर। सिवनी के एक होटल में प्रेमी युगल को गांजा के फर्जी प्रकरण में फंसाने का भय दिखाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर बड़ी प्रशासनिक गाज गिरी है। शासन के गृह विभाग की अवर सचिव अन्नू भलावी ने बुधवार को आदेश जारी करते हुए मुख्य आरोपी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा तथा एसडीओपी चंचलेश मरकाम को तत्काल निलंबित कर पुलिस मुख्यालय भोपाल संबद्ध किया है। दूसरी तरफ जबलपुर जोन के आईजी प्रमोद कुमार वर्मा ने कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी, एएसपी के आरक्षक चालक कृष्ण परते, गनमैन सलमान खान और यातायात प्रभारी विजय बघेल को निलंबित कर रक्षित केंद्र जबलपुर अटैच कर दिया है। इस मामले में यह रोचक मोड़ सामने आया है कि भोपाल स्तर पर शिकायत दर्ज कराने वाले सिवनी के भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन ने ही जुलाई 2025 में सिफारिशी पत्र लिखकर दीपक मिश्रा की जिले में पदस्थापना कराई थी।


  • डेढ़ दशक तक जिले के विभिन्न पदों पर रहे तैनात
    निलंबित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा का सिवनी जिले से पुराना नाता रहा है और वे बीते 15 वर्षों में यहां कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वे पूर्व में घंसौर थाना प्रभारी, कोतवाली थाना प्रभारी, खवासा बॉर्डर पर आरटीओ और लखनादौन एसडीओपी के रूप में पदस्थ रहे हैं। लखनादौन में एसडीओपी रहने के दौरान स्थानीय विधायक दिनेश राय मुनमुन उनकी कार्यप्रणाली से बेहद प्रभावित हुए थे। यही वजह रही कि जब जुलाई 2025 में सिवनी एएसपी पद पर नियुक्ति का अवसर आया तो मिश्रा ने विधायक से अनुशंसा पत्र लिखवाया था। विधायक ने भी इस बात को स्वीकार किया है कि उन्होंने पदस्थापना के लिए सिफारिश की थी।

    पूर्व वरिष्ठ अधिकारी को जांच मिलने से उठ रहे सवाल
    इस पूरे प्रकरण की जांच का जिम्मा छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी राकेश कुमार सिंह को सौंपा गया है। संयोगवश डीआईजी राकेश कुमार सिंह 4 साल पहले तक सिवनी जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। उस अवधि में निलंबित एएसपी दीपक मिश्रा लखनादौन एसडीओपी के तौर पर उनके अधीन काम कर चुके हैं। पुराने वरिष्ठ और अधीनस्थ अधिकारी के संबंधों को देखते हुए अब जांच की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाए जा रहे हैं। दूसरी ओर अधिवक्ताओं और बजरंग दल के सदस्यों ने गुरुवार को डीआईजी को ज्ञापन सौंपकर होटल कांड में संलिप्त अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी गहन जांच करने की मांग उठाई है।

    सियासी गलियारों में उबाल और पुराने कांड की गूंज
    पुलिस विभाग की इस किरकिरी के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जीतू पटवारी ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि पुलिस की यह गुंडागर्दी राज्य सरकार के शासन में फैले भ्रष्टाचार को उजागर कर रही है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved