
जबलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर शहपुरा में क्षतिग्रस्त रेलवे ओवरब्रिज का मामला एक बार फिर चर्चा में है। ओवरब्रिज के पुनर्निर्माण में करीब दो साल का समय लगने की संभावना के बीच आम नागरिकों और वाहन चालकों को राहत देने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार इस वैकल्पिक मार्ग को तैयार करने में लगभग 45 दिन का समय लग सकता है। इसके तैयार होने के बाद अगले दो वर्षों तक मुख्य मार्ग बंद रहने से लोगों को होने वाली परेशानियों में काफी कमी आने की उम्मीद है।
दो साल तक करना पड़ सकता है इंतजार
शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज का करीब 200 मीटर हिस्सा 22 फरवरी 2026 को अचानक ढह गया था। इस हादसे के बाद सुरक्षा की दृष्टि से ओवरब्रिज और इससे जुड़े मुख्य मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया। घटना के बाद से ही इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जा रहा है। ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण तकनीकी और प्रशासनिक चुनौतियों के चलते लंबी प्रक्रिया बन गया है। मौजूदा परिस्थितियों में इसके पूरी तरह दोबारा तैयार होने में करीब दो साल लगने की संभावना जताई जा रही है।
निर्माण कंपनी ब्लैकलिस्ट, एफआईआर भी दर्ज
ओवरब्रिज के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठने के बाद जिम्मेदार निर्माण कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। घटिया निर्माण के आरोपों के चलते संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही कंपनी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के बाद मरम्मत कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू की गई थी, लेकिन इसमें सबसे कम दर (एल-1) हासिल करने वाली कंपनी ने भी काम करने से इनकार कर दिया। इसके चलते मरम्मत और पुनर्निर्माण की प्रक्रिया में और जटिलताएं सामने आई हैं। ओवरब्रिज बंद होने के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वाहनों को अलग-अलग मार्गों से निकाला जा रहा है। भारी वाहनों को पाटन और गोटेगांव के रास्ते डायवर्ट किया गया है, जबकि हल्के वाहन शहपुरा के अंदरूनी रास्तों से आवागमन कर रहे हैं। इससे स्थानीय सड़कों पर वाहनों का दबाव बढऩे के साथ ही यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। विशेष रूप से रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों, व्यापारियों और परिवहन से जुड़े लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
45 दिन में तैयार होगा वैकल्पिक मार्ग
इसी समस्या को देखते हुए अब वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण किया और इसकी तैयारियों का जायजा लिया। इस मार्ग को तैयार करने में लगभग 45 दिन लगने का अनुमान है। इसके शुरू होने से शहपुरा में मुख्य मार्ग पर यातायात बंद रहने के बावजूद वाहनों की आवाजाही अपेक्षाकृत आसान हो सकेगी।
दो साल की परेशानी से मिलेगी राहत
शहपुरा आरओबी का पुनर्निर्माण लंबी अवधि में पूरा होने की संभावना के चलते वैकल्पिक मार्ग स्थानीय नागरिकों और राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। फिलहाल लोगों को डायवर्जन के कारण लंबी दूरी और अतिरिक्त समय का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में 45 दिनों में वैकल्पिक मार्ग तैयार करने की योजना पर सभी की निगाहें टिकी हैं। यदि निर्धारित समय में यह मार्ग शुरू हो जाता है, तो ओवरब्रिज के पुनर्निर्माण तक करीब दो साल चलने वाली यातायात संबंधी परेशानी से लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved