img-fluid

सड़कों पर जाम, तिराहों-चौराहों पर अराजकता, कहां है ट्रैफिक पुलिस

November 23, 2026

  • लेफ्ट टर्न पर ऑटो का कब्जा, बंद सिग्नल और भगवान भरोसे चौराहे, जिम्मेदार महकमा मौन

जबलपुर। शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था अब केवल अव्यवस्थित नहीं, बल्कि जिम्मेदारों की अनदेखी का शिकार होती दिखाई दे रही है। प्रमुख चौराहों पर रोज जाम लग रहा है, लेफ्ट टर्न ऑटो स्टैंड में तब्दील हो गए हैं, नए ट्रैफिक सिग्नल बंद पड़े हैं और फ्लाईओवर के नीचे चौराहों पर वाहन चालक अपनी मनमर्जी से रास्ता तलाश रहे हैं। सवाल यह है कि जब शहर के महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात का दम घुट रहा है, तब व्यवस्था संभालने वाली पुलिस आखिर कर क्या रही है?


  • लेफ्ट टर्न पर कब्जा, नियमों की उड़ रही धज्जियां
    शहर के अनेक मार्गों पर लेफ्ट टर्न वाहनों की निर्बाध आवाजाही के लिए बनाए गए हैं, लेकिन इनका उपयोग ऑटो खड़े करने के लिए किया जा रहा है। ऑटो चालकों ने सड़क के किनारे और मोड़ पर ही अपना ठिकाना बना लिया है। नतीजा यह है कि लेफ्ट टर्न से निकलने वाले वाहनों को रास्ता नहीं मिल रहा और चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।यातायात नियमों के मुताबिक लेफ्ट टर्न को बाधामुक्त रखना जरूरी है, लेकिन शहर में नियम कागजों तक सिमटते नजर आ रहे हैं। सड़क पर कब्जा जमाने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमण करने वालों के हौसले बुलंद हैं।

    सिग्नल बने शोपीस
    फ्लाईओवर के नीचे दद्दा परिसर से मदनमहल थाने के चौराहे पर लगाए गए नए ट्रैफिक सिग्नल बंद पड़े हैं। सिग्नल लगाने के बाद उन्हें चालू करने और नियमित संचालन की जिम्मेदारी किसकी है, यह स्पष्ट करने की जरूरत है। लेकिन फिलहाल वाहन चालकों को अपने विवेक और जोखिम के भरोसे चौराहा पार करना पड़ रहा है।चारों दिशाओं से आने वाले वाहन जब एक साथ चौराहे पर पहुंचते हैं, तो टकराव की आशंका बढ़ जाती है। नए सिग्नल लगाए गए, लेकिन वे चालू नहीं हुए। यह स्थिति यातायात प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।

    रानीताल चौक पर अव्यवस्थित यातायात
    फ्लाईओवर के नीचे रानीताल का पंचराहा भी बदहाल यातायात की तस्वीर पेश कर रहा है। यहां सड़क पर ऑटो खड़े होने से रास्ता संकरा हो गया है। बल्देवबाग की ओर जाने वाले रास्ते में बीच सड़क पर आटो चालक अपने आटो खड़े करके सवारी लेते हैं। वहीं बल्देवबाग से गढ़ा जाने वाले रास्ते पर भी गाहे बगाहे आटो पार्क किए जाते हैं। यातायात पुलिस ने इस चौक पर यातायात सुधारने की कोई व्यवस्था नहीं की। यहां से निकलने वाले वाहन बीच चौक पर आमने सामने होते हैं जिससे जाम की स्थिति बन रही है। इस महत्वपूर्ण चौराहे पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था दिखाई नहीं देती। ऐसा लगता है मानो इस चौराहे को उसके हाल पर छोड़ दिया गया हो। सड़क पर ऑटो खड़े हैं, वाहन फंस रहे हैं और व्यवस्था कहीं नजर नहीं आ रही।

    दीनदयाल चौक पर रोज जाम, जनता हलाकान
    दीनदयाल चौक पर लगने वाला जाम लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। वाहन चालकों को कुछ दूरी तय करने के लिए भी अनावश्यक समय गंवाना पड़ता है। चौराहे पर यातायात का दबाव स्थिति को और बिगाड़ रहे हैं। दीनदयाल चौक की रोटरी बड़ी है। जिससे यहां जाम की स्थिति रोज ही बन रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इसे छोटा करना जरूरी है।

    कछपुरा ब्रिज-लिंक रोड पर भी यातायात बेहाल
    कछपुरा ब्रिज और लिंक रोड के चौराहे पर भी लगने वाला जाम, वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन रहा है। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बढऩे के बावजूद यातायात को व्यवस्थित करने के लिए ठोस इंतजाम नजर नहीं आते। चौराहे पर वाहन फंसते हैं, कतारें बढ़ती हैं और लोगों की यात्रा बाधित होती है।

    चालान में सक्रियता, व्यवस्था सुधारने में सुस्ती?
    यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जरूरी है, लेकिन यातायात पुलिस की जिम्मेदारी केवल चालान काटना नहीं है। सड़क पर अवैध पार्किंग रोकना, ऑटो स्टैंड व्यवस्थित करना, सिग्नल चालू कराना और जाम वाले स्थानों पर यातायात नियंत्रित करना भी उसके दायित्वों में शामिल है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved