
जबलपुर। नवजात शिशुओं, विशेषकर बीमार और कम वजन वाले बच्चों को मां का अमृत समान दूध उपलब्ध कराने की दिशा में जबलपुर को बड़ी स्वास्थ्य सुविधा मिली है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मंगलवार को रानी दुर्गावती चिकित्सालय में नवनिर्मित कॉम्प्रिहेंसिव लेक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर एवं मिल्क बैंक ‘अमृत कलशÓ का शुभारंभ किया। करीब 70 लाख रुपए की लागत से तैयार यह केंद्र मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा और महाकौशल क्षेत्र का पहला केंद्र बताया गया है।
इस मिल्क बैंक के माध्यम से उन धात्री माताओं का दूध स्वैच्छिक सहमति से एकत्रित किया जाएगा, जिनके पास अपने शिशु की आवश्यकता से अधिक दूध उपलब्ध है और जो इसे दान करना चाहती हैं। एकत्रित दूध को अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से सुरक्षित तरीके से संरक्षित किया जाएगा। इसके बाद रानी दुर्गावती चिकित्सालय के विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) एवं पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती बीमार और कम वजन वाले नवजात शिशुओं को आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध कराया जाएगा। मां का दूध नवजात शिशुओं के पोषण, शारीरिक विकास और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कई बार समय से पहले जन्म लेने वाले अथवा कम वजन के शिशु अपनी मां का पर्याप्त दूध नहीं प्राप्त कर पाते। ऐसे बच्चों के लिए मिल्क बैंक वरदान साबित हो सकता है।
इससे उन्हें सुरक्षित रूप से संरक्षित मातृ दुग्ध उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस पहल से बीमार नवजातों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार लाने और शिशु मृत्यु दर कम करने में भी मदद मिलेगी। इस दौरान विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी आदि के साथ अन्य उपस्थित रहे।