
डेस्क। भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी सीरीज में अब दूसरे और आखिरी टेस्ट की बारी है। सीरीज का पहला मुकाबला बराबरी पर खत्म हो गया था, यानी ना तो कोई टीम जीती और ना ही कोई हारी। अब अगले मैच से ही तय होगा कि सीरीज कौन सी टीम अपने नाम करेगी। सीरीज चूंकि आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जा रही है, इसलिए ये और भी ज्यादा अहम हो जाती है। अगले मैच की प्लेइंग इलेवन में क्या कोई बदलाव होगा या फिर मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर ही बैठना पड़ेगा।
शुभमन गिल की कप्तानी में जब भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए मैदान में उतरी तो उसकी प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा का नाम नहीं था। इसको लेकर खूब हल्ला भी मचा और दिग्गजों ने इस फैसले पर सवाल भी उठाए। हालांकि मैच ड्रॉ पर समाप्त हो गया। अंशुल कम्बोज और आकाश दीप पहले मैच में खेलते हुए नजर आए। वैसे तो सिराज क्यों बाहर बैठे हैं, इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि कम्बोज और आकाश दीप सिराज से बेहतर बल्लेबाज हैं, इसलिए उन्हें तरजीह दी जा रही है।
अब अगले मैच में सिराज खेलेंगे कि नहीं, ये तो तभी पता चलेगा, जब 27 नवंबर को दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए मैदान पर आएंगे। लेकिन अगर सिराज को मौका दिया जाता है तो कौन बाहर बैठेगा, ये कहना मुश्किल है। हालांकि इतना तो पक्का है कि आकाश दीप और अंशुल कम्बोज में से किसी एक को बाहर किया जाएगा। प्रसिद्ध कृष्णा के बाहर होने की संभावना ना के बराबर है, उनके लिए पहला टेस्ट बहुत अच्छा तो नहीं गया था, लेकिन टीम मैनेजमेंट उन्हें बैक कर रहा है। अगर रवींद्र जडेजा वापस आते हैं तो ये करीब करीब तय है कि वॉशिंगटन सुंदर को बाहर किया जा सकता है।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, 3 देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), ध्रुव जुरेल, 7 वाशिंगटन सुंदर/रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज/मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved