img-fluid

भारत बनेगा जापान के मिसाइल परीक्षण का ठिकाना! 3 रेंज खोलने की तैयारी

November 26, 2026

नई दिल्ली: जापान के साथ भारत का रक्षा सहयोग एक नई रणनीतिक ऊंचाई पर पहुंचने जा रहा है. भारत जापान को अपनी मिसाइल टेस्टिंग सुविधाओं तक पहुंच देने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत जापान को ओडिशा के चांदीपुर स्थित DRDO की इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (ITR) के अलावा पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में बनने वाली दो नई अत्याधुनिक मिसाइल टेस्टिंग सुविधाओं तक पहुंच देने पर विचार किया जा रहा है.

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, भारत जापान को इन तीनों टेस्टिंग सुविधाओं का इस्तेमाल अपने मिसाइल कार्यक्रम के लिए करने की अनुमति दे सकता है. जापान यहां अपनी मिसाइलों और छोटे अटैक ड्रोन का परीक्षण कर सकेगा. इसके साथ ही दोनों देशों के बीच तकनीकी जानकारी साझा करने और हाइपरसोनिक हथियारों समेत एडवांस मिसाइल कार्यक्रमों पर सहयोग की संभावनाएं भी तलाश की जा रही हैं.

भारत और जापान के बीच युद्धपोत निर्माण के क्षेत्र में भी सहयोग पर चर्चा हो रही है. खास तौर पर आधुनिक युद्धपोतों के डिजाइन, तकनीकी जानकारी और निर्माण से जुड़े अनुभव साझा करने पर विचार किया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक भारत में जापान की मोगामी क्लास मल्टी-मिशन स्टील्थ फ्रिगेट की डिजाइन और तकनीकी जानकारी साझा करने पर काम किया जा रहा है.

भारत ने जापान को अपने शिपयार्ड और रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों (Defence PSUs) के साथ सहयोग का प्रस्ताव दिया है. इसके तहत जापान के लिए भारत में रक्षा उपकरणों का निर्माण और भारत से दूसरे देशों को निर्यात करने की संभावनाएं भी शामिल हैं.भारत में उत्पादन लागत कम होने के कारण जापान के लिए यहां निर्माण करना फायदेमंद हो सकता है.


  • उदाहरण के तौर पर, भारतीय नौसेना के लिए यूनिकॉर्न (UNICORN Unified Complex Radio Antenna) बनाने के साथ-साथ जापान की जरूरतों और उसके निर्यात के लिए भी उत्पादन करने पर चर्चा हो रही है.

    जापान की अगली पीढ़ी की एंटी-शिप मिसाइल Type-25 के परीक्षण की भी संभावना है, जिसकी मारक क्षमता करीब 1,000 किलोमीटर बताई जा रही है. दोनों देश अब अपने रक्षा अधिकारियों के बीच समन्वय बढ़ाकर इस व्यवस्था को जल्द लागू करने की दिशा में काम करेंगे. जापान मिसाइल परीक्षण सुविधाओं के इस्तेमाल को लेकर ऑस्ट्रेलिया के साथ भी बातचीत कर रहा है.

    दूसरे विश्व युद्ध के बाद जापान की सैन्य नीति में यह सबसे बड़े बदलावों में से एक माना जा रहा है. जापान अब केवल रक्षात्मक सैन्य क्षमता तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि लंबी दूरी तक हमला करने वाली मिसाइलों, आधुनिक हथियारों और मजबूत रक्षा उद्योग पर जोर दे रहा है.

    सूत्रों के मुताबिक, जापान की एक सैन्य टीम अक्टूबर में भारत आई थी. इस टीम ने करीब एक सप्ताह तक भारत की अलग-अलग मिसाइल टेस्टिंग सुविधाओं का निरीक्षण किया और मिसाइलों के साथ छोटे अटैक ड्रोन के परीक्षण के लिए उपयुक्त जगहों का आकलन किया.

    जापान के सामने अपने देश में लंबी दूरी की मिसाइलों के परीक्षण के लिए पर्याप्त सुरक्षित समुद्री क्षेत्र उपलब्ध कराने की चुनौती है. भारत का पूर्वी समुद्री तट, यहां मौजूद मिसाइल परीक्षण सुविधाएं और बंगाल की खाड़ी तक पहुंच जापान के लिए एक बेहतर विकल्प है.

    भारत और जापान मिसाइल टेस्टिंग रेंज के अलावा उन्नत हथियार प्रणालियों और तकनीकी विशेषज्ञता साझा करने पर भी काम कर रहे हैं. खास तौर पर हाइपरसोनिक हथियारों के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाश की जा रही हैं.

    जापान एक बहुस्तरीय तटीय रक्षा प्रणाली विकसित करना चाहता है. इसमें बड़ी संख्या में कम लागत वाले मानवरहित ड्रोन, समुद्री ड्रोन और अंडरवॉटर ड्रोन शामिल होंगे, जिनका इस्तेमाल निगरानी और हमले के लिए किया जा सकेगा.

    इसके साथ ही जापान अपनी स्टैंड-ऑफ मिसाइल क्षमता बढ़ा रहा है. ये मिसाइलें दुश्मन की मारक क्षमता के दायरे से बाहर रहकर हमला करने में सक्षम होती हैं.जापान चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों और उत्तर कोरिया के तेजी से विकसित होते मिसाइल कार्यक्रम को देखते हुए अपनी सैन्य क्षमता मजबूत कर रहा है.

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved