img-fluid

चंद्रयान-5 की तैयारी तेज, जापान ने दिखाया 350 किलो का रोवर, चांद के दक्षिणी ध्रुव पर 1.5 मीटर गहराई तक खोजेगा पानी

November 27, 2026

नई दिल्ली: भारत और जापान (India and Japan) मिलकर चांद के उन रहस्यों को समझने की तैयारी कर रहे हैं, जिनका जवाब भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों और मानव बस्तियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है. जापान की अंतरिक्ष एजेंसी JAXA ने भारत-जापान के संयुक्त चंद्र मिशन चंद्रयान-5 यानी LUPEX के रोवर का प्रोटोटाइप पेश किया. करीब 350 किलोग्राम वजनी यह रोवर चांद की सतह पर चलकर पानी और बर्फ की मौजूदगी का पता लगाने में मदद करेगा. इस मिशन की खास बात यह है कि यह केवल चांद की तस्वीरें लेने या उसकी मिट्टी का सामान्य अध्ययन करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सतह के नीचे करीब 1.5 मीटर तक खुदाई करके नमूनों का एनालिसि भी करेगा.

यह मिशन भारत के चंद्रयान कार्यक्रम और जापान की अंतरिक्ष तकनीक के बीच एक बड़ी साझेदारी का उदाहरण है. इसमें रोवर जापान बना रहा है, जबकि लैंडर की जिम्मेदारी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के पास है. यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ESA) और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा भी वैज्ञानिक उपकरणों के जरिए इसमें योगदान दे रही हैं. चंद्रयान-5 को LUPEX यानी Lunar Polar Exploration मिशन के नाम से भी जाना जाता है. इसे 2028 में जापान के H3 रॉकेट से लॉन्च करने की योजना है. इसका प्रक्षेपण जापान के तनेगाशिमा स्पेस सेंटर से होगा. लॉन्च के समय पूरे मिशन का वजन लगभग 6.5 टन होगा.


  • चांद पर उतरने के बाद इसका सामान्य परिचालन समय साढ़े तीन महीने रखा गया है, हालांकि परिस्थितियां अनुकूल रहने पर इसे एक साल तक बढ़ाया जा सकता है. इस मिशन का मुख्य लक्ष्य चांद के ध्रुवीय क्षेत्र में पानी और पानी की बर्फ का पता लगाना है. वैज्ञानिकों के लिए चांद का दक्षिणी ध्रुव विशेष महत्व रखता है, क्योंकि वहां कुछ ऐसे गड्ढे मौजूद हैं जहां सूर्य की रोशनी बहुत कम या बिल्कुल नहीं पहुंचती. इन क्षेत्रों में तापमान बेहद कम रहता है. वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अरबों वर्षों से ऐसे ठंडे और अंधेरे इलाकों में पानी की बर्फ सुरक्षित रह सकती है. हालांकि, उसकी वास्तविक मात्रा, गहराई और वितरण का पता लगाने के लिए सीधे वैज्ञानिक अध्ययन जरूरी है.

    350 किलो का रोवर कैसे करेगा काम?
    JAXA ने टोक्यो के चोफू एयरोस्पेस सेंटर में रोवर का प्रोटोटाइप प्रदर्शित किया. यह सामान्य कार या रोवर की तरह पहियों पर चलने वाला वाहन नहीं है. इसमें बेल्ट जैसी क्रॉलर ट्रैक प्रणाली दी गई है, जो इसे ऊबड़-खाबड़ और असमान चंद्र सतह पर आगे बढ़ने में मदद करेगी. प्रदर्शन के दौरान वैज्ञानिकों ने कृत्रिम चंद्र सतह पर इसकी आवाजाही भी दिखाई.

    रोवर में सात वैज्ञानिक उपकरण लगाए जाएंगे. यह लैंडिंग स्थल के आसपास पहले से तय रास्ते पर चलेगा. इसरो और JAXA मिलकर इसका मार्ग निर्धारित करेंगे, ताकि वैज्ञानिक प्रयोगों, माप और बैटरी रिचार्ज के लिए उपयुक्त स्थान चुने जा सकें. इसका काम केवल एक जगह खड़े होकर आंकड़े जुटाना नहीं होगा, बल्कि अलग-अलग स्थानों पर जाकर चंद्र मिट्टी और आसपास के वातावरण का अध्ययन करना होगा.

    चांद पर पानी की तलाश क्यों है इतनी अहम?
    चांद पर पानी की मौजूदगी अंतरिक्ष विज्ञान की सबसे महत्वपूर्ण खोजों में से एक हो सकती है. पानी का इस्तेमाल भविष्य में अंतरिक्ष यात्रियों के पीने और अन्य जरूरतों के लिए किया जा सकता है. वैज्ञानिक तकनीक विकसित कर पानी को हाइड्रोजन और ऑक्सीजन में अलग कर सकें तो इनका उपयोग रॉकेट ईंधन और सांस लेने योग्य ऑक्सीजन तैयार करने में भी संभव हो सकता है. इससे पृथ्वी से हर जरूरी संसाधन चांद तक ले जाने की निर्भरता कम हो सकती है.

    लेकिन पानी की बर्फ कहां है, कितनी है और किस रूप में मौजूद है, यह जानना जरूरी है. केवल सतह पर पानी के संकेत मिलना पर्याप्त नहीं होगा. यदि बर्फ मिट्टी के कणों के बीच या जमीन के नीचे जमा है, तो उसकी पहचान और मात्रा का आकलन अलग वैज्ञानिक तकनीकों से करना होगा. यही वजह है कि LUPEX मिशन सतह और भूमिगत दोनों स्तरों पर जांच करेगा.

    सात वैज्ञानिक उपकरणों से जुटाए जाएंगे आंकड़े
    रोवर में लगे उपकरण अलग-अलग तरीकों से चंद्रमा की मिट्टी और उसके आसपास के वातावरण की जांच करेंगे. इनमें ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार जमीन के नीचे की संरचना समझने में मदद करेगा, जबकि न्यूट्रॉन स्पेक्ट्रोमीटर मिट्टी में मौजूद हाइड्रोजन के संकेत तलाशेगा. हाइड्रोजन की मौजूदगी पानी या पानी की बर्फ का संकेत हो सकती है. इसके अलावा तापमान, मिट्टी के गुणों और चंद्रमा के बेहद पतले बाहरी वातावरण का अध्ययन करने वाले उपकरण भी मिशन का हिस्सा हैं. JAXA के मुताबिक, रोवर में 1.5 मीटर तक नमूने निकालने के लिए ड्रिलिंग प्रणाली भी होगी. मिशन में पहले व्यापक सर्वे किया जाएगा.

    रोवर अलग-अलग स्थानों पर जाकर तापमान, रोशनी और भूगर्भीय बनावट से जुड़े आंकड़े जुटाएगा. इसके आधार पर वैज्ञानिक तय करेंगे कि किस जगह खुदाई करना सबसे उपयोगी होगा. इसके बाद चुने गए स्थान पर चंद्रमा की मिट्टी यानी रेगोलिथ के नमूने निकालकर उनका विश्लेषण किया जाएगा. इस तरह वैज्ञानिक केवल पानी के संकेत नहीं खोजेंगे, बल्कि यह भी समझने की कोशिश करेंगे कि पानी किस रूप में मौजूद है और उसकी मात्रा कितनी हो सकती है.

    Share:

  • IPL 2027: Mumbai Indians make historic U-turn, reappoint Rohit Sharma as captain

    Fri Nov 27 , 2026
    Mumbai: Ahead of IPL 2027, five-time champions Mumbai Indians have made a major decision that millions of cricket fans have been waiting for for the past three years. The franchise has announced that it will once again hand over the reins of the team to its most successful captain, Rohit Sharma. Speculation surrounding the new […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved