ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (Sheikh Hasina) की भारत से वापसी को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। बांग्लादेश की संसद के अध्यक्ष हाफिज उद्दीन अहमद (Hafiz Uddin Ahmed) ने कहा है कि यदि भारत शेख हसीना को वापस नहीं भेजता है तो उनका देश इस मामले को इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (आईसीजे) में ले जा सकता है। छह दिवसीय पाकिस्तान दौरे पर पहुंचे अहमद ने शेख हसीना को चेतावनी देते हुए कहा कि बांग्लादेश लौटने पर उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा।
शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हुई हिंसा के बाद भारत आ गई थीं और तब से यहीं रह रही हैं। इस बीच, उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल ने दावा किया है कि पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की तैयारी कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि 16 दिसंबर को बांग्लादेश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर जीत का विजय दिवस मनाता है।
बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, हाफिज उद्दीन अहमद ने कहा कि यदि भारत शेख हसीना को प्रत्यर्पित नहीं करता है तो बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय न्यायालय का रुख कर सकता है। उन्होंने हसीना की 16 दिसंबर को वापसी की घोषणा को अपने समर्थकों का मनोबल बनाए रखने की कोशिश बताया। अहमद ने दावा किया कि हसीना अगले दस वर्षों तक बांग्लादेश नहीं लौटेंगी।
प्रत्यर्पण के मुद्दे पर भारत से बातचीत
बांग्लादेश सरकार का कहना है कि शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर भारत के साथ राजनयिक माध्यमों से बातचीत जारी है। भारत ने भी स्वीकार किया है कि उसे ढाका की ओर से प्रत्यर्पण संबंधी अनुरोध मिला है। हालांकि, इस पर अंतिम निर्णय की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। भारत ने कहा है कि मामले की निर्धारित प्रक्रिया के तहत समीक्षा की जा रही है।
भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव का आरोप
बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि शेख हसीना दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में बाधा बन रही हैं। उनके मुताबिक, नई दिल्ली को भी अब यह एहसास होने लगा है कि हसीना की भारत में मौजूदगी से दोनों देशों के रिश्तों में तनाव पैदा हो रहा है।
न्यूज पोर्टल बीडीन्यूज24 के अनुसार, कबीर ने भारत में हसीना की मौजूदगी की तुलना ऐसे अनचाहे मेहमान से की, जो अचानक किसी के घर पहुंच जाए।
हसीना के गृह जिले में मोबाइल बैंकिंग सेवाएं बंद
शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच उनके गृह जिले गोपालगंज में शुक्रवार से मोबाइल बैंकिंग सेवाएं बंद कर दी गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से 15 नवंबर से निलंबित रेल सेवाएं भी अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेंगी।
द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी मोबाइल वित्तीय सेवा ‘नगद’ के वितरक शेख मुजाहिदुल इस्लाम ने बताया कि उन्हें 27 से 30 नवंबर तक जिले में वित्तीय लेन-देन सीमित रखने के मौखिक निर्देश मिले हैं। प्रशासन के निर्देशों के अनुसार सेवाओं का संचालन किया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved