
यरुशलम। इजरायल (Israel) में आम चुनाव (General Election) के नतीजे आने के कई दिन बाद भी नई सरकार का गठन नहीं हो सका है। किसी भी दल या गठबंधन (Alliance) को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण राजनीतिक बातचीत जारी है। इस बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Prime Minister Benjamin Netanyahu) की ओर से गठबंधन सरकार में पहले प्रधानमंत्री का पद छोड़ने की पेशकश के बाद गादी आइजेनकोट ने बातचीत की पहल की है। हालांकि, इस प्रस्ताव के पीछे नेतन्याहू की मंशा और उनकी पार्टी की वास्तविक तैयारी को लेकर आइजेनकोट ने संदेह जताया है।
आइजेनकोट ने नेतन्याहू को तत्काल बातचीत शुरू करने का न्योता दिया है। उनका कहना है कि वह यह परखने के लिए तैयार हैं कि राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने का प्रस्ताव वास्तव में गंभीर है या महज एक राजनीतिक घोषणा। द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, आइजेनकोट की यशर पार्टी पिछले कई सप्ताह से नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के साथ बातचीत की कोशिश कर रही थी, लेकिन उसे अब तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला।
आइजेनकोट ने कहा, “अगर लिकुड वास्तविक एकता के लिए तैयार है, तो मैं अगले 24 घंटों के भीतर उसकी गंभीरता परखने के लिए तैयार हूं। बातचीत नेतन्याहू को भेजे गए विस्तृत प्रस्ताव के आधार पर होनी चाहिए, जिसका अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।”
स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच रविवार सुबह मुलाकात हो सकती है। इस दौरान संभावित राष्ट्रीय एकता सरकार के गठन को लेकर सीधे बातचीत शुरू होने की संभावना है।
नेतन्याहू की पेशकश पर क्यों है संशय?
आइजेनकोट की यह प्रतिक्रिया नेतन्याहू के उस प्रस्ताव के बाद आई है, जिसमें उन्होंने रोटेशन व्यवस्था के तहत शुरुआत में प्रधानमंत्री पद संभालने का अवसर छोड़ने की बात कही थी। प्रस्ताव के अनुसार, पहले चरण में आइजेनकोट सरकार का नेतृत्व करेंगे, जबकि नेतन्याहू वैकल्पिक प्रधानमंत्री की भूमिका निभाएंगे।
हालांकि, आइजेनकोट इस घोषणा को अंतिम सहमति नहीं मान रहे हैं। वह चाहते हैं कि लिकुड पार्टी सरकार गठन से जुड़े अहम मुद्दों पर ठोस और गंभीर बातचीत के लिए तैयार हो। उनके मुताबिक, केवल प्रधानमंत्री पद की पेशकश से राष्ट्रीय एकता सरकार का रास्ता साफ नहीं होगा।
आइजेनकोट ने कहा कि इजरायल को एकता की जरूरत है और इसे हासिल करने के लिए वह राजनीतिक कीमत चुकाने को तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता साझा मूल्यों के आधार पर इजरायली नागरिकों के बीच एकता स्थापित करना है।
पहले खुद प्रधानमंत्री बनना चाहते थे नेतन्याहू
नेतन्याहू की ताजा पेशकश उनके पहले के रुख से अलग है। इससे पहले उनका कहना था कि राष्ट्रीय एकता सरकार का नेतृत्व उन्हें ही करना चाहिए, क्योंकि 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में उनकी लिकुड पार्टी सबसे बड़ी एकल पार्टी बनकर उभरी थी।
अब उन्होंने रोटेशन समझौते के तहत पहले कार्यकाल में आइजेनकोट को प्रधानमंत्री बनाने और बाद में खुद यह जिम्मेदारी संभालने की बात कही है। अपने रुख में बदलाव की वजह बताते हुए नेतन्याहू ने इजरायल के सामने मौजूद सुरक्षा चुनौतियों का हवाला दिया था।
फिलहाल सरकार गठन को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत की संभावना बनी हुई है। हालांकि, आइजेनकोट ने साफ कर दिया है कि किसी भी समझौते से पहले वह लिकुड की गंभीरता और राष्ट्रीय एकता सरकार के लिए उसकी प्रतिबद्धता को परखना चाहते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved