काठमांडू! नेपाल में आई भीषण (Nepal-Devastating) बाढ़ के बीच एक बैंक की तिजोरी (Bank vault) बहकर रसूवा से धाडिंग पहुंच गई. त्रिशूली नदी (Trishuli River) के किनारे अटका यह लॉकर जब गांव वालों को मिला, तो उन्होंने इसे औजारों से तोड़ डाला. लॉकर खुलते ही उसमें खजाना निकला, जिसे लोगों ने आपस में बांट लिए. इससे पहले नारायणी नदी में बहती एक महिला की लाश से सोने के कुंडल चुराने का भयावह मामला भी सामने आया था.
नेपाल की बाढ़ में क्राइम
नेपाल में आई भीषण आपदा और उफनती नदियों के बीच एक ऐसी हैरतअंगेज घटना सामने आई है. जहां एक तरफ लोग बाढ़ के कहर से अपनी जान बचाने में लगे थे, वहीं दूसरी तरफ तबाही के पानी में बैंक का ‘खजाना भरा हुआ लॉकर’ बहकर आ गया. इसे देखते ही लोगों की नीयत ऐसी बिगड़ी कि गांव वाले उस पर टूट पड़े. देखते ही देखते उसमें रखा सारा खजाना लुट गया लेकिन लोगों की ये खुशी बहुत समय तक नहीं टिकी. उन्हें इस खजाने से निकले श्राप ने जकड़. ये जकड़ कानून की थी, जिसमें 29 लोग फंसे हैं.
ये पूरा माजरा नेपाल के भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के तटीय इलाकों का है. रसूवा जिले के भोटेकोशी इलाके में बाढ़ के तेज बहाव में एक बैंक की पूरी तिजोरी उखड़कर बह गई. नदी की भयंकर लहरों के साथ बहता हुआ ये भारी लॉकर मीलों दूर जाकर धाडिंग जिले के गल्छी गांवपालिका-4 स्थित बेलखूखोला के पास त्रिशूली नदी के किनारे आकर अटक गया.
जैसे ही स्थानीय लोगों की नजर नदी के किनारे पड़े इस लोहे के विशालकाय लॉकर पर पड़ी, वहां भीड़ जमा हो गई. लोगों को समझ आ गया था कि ये कोई साधारण तिजोरी नहीं है. आपदा के इस माहौल में कानून और व्यवस्था से बेपरवाह होकर कुछ लोगों ने औजारों की मदद से नदी किनारे ही लॉकर को तोड़ डाला.
जैसे ही बैंक का लॉकर टूटा, उसमें से नेपाली नोटों की गड्डियां बाहर निकल आईं. लॉकर में 92 लाख नेपाली रुपये से ज्यादा की भारी-भरकम रकम मौजूद थी. कैश देखते ही वहां मौजूद लोगों में नोट बटोरने की होड़ मच गई. जिसको जितना हाथ लगा, वो पैसे समेटकर रफूचक्कर हो गया.
लेकिन ये मामला ज्यादा देर तक छिपा नहीं रह सका. पुलिस को भनक लग गई कि नदी किनारे एक लॉकर को तोड़कर भारी रकम लूटी गई है. सूचना मिलते ही धाडिंग पुलिस की विशेष टीम हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी.
छापेमारी में 57 लाख रुपये बरामद, पकड़े गए 29 लोग
धाडिंग पुलिस ने इलाके में तुरंत सर्च ऑपरेशन चलाया और संदिग्धों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. पुलिस की इस मुस्तैदी का नतीजा ये हुआ कि लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया गया. पुलिस ने बताया कि पकड़े गए लोगों के पास से कुल 92,68,505 नेपाली रुपये यानी करीब 57 लाख रुपए बरामद किए गए हैं. इस मामले में अब तक 19 साल से लेकर 49 साल की उम्र के कुल 29 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
पकड़े गए आरोपियों में ज्यादातर लोग गल्छी और सिद्धलेक इलाके के रहने वाले हैं. वहीं कुछ लोग चितवन और पर्सा जिले के मूल निवासी हैं, जो फिलहाल धाडिंग में रह रहे थे. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये पैसा किस बैंक की किस शाखा का था और क्या इस चोरी में कुछ और लोग भी शामिल हैं?
इससे पहले बाढ़ पीड़ित की लाश से सोने के कुंडल भी चोरी
नेपाल में बाढ़ के दौरान सिर्फ बैंक का लॉकर लूटने की ही घटना नहीं हुई, बल्कि इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक और मामला सामने आया है. नारायणी नदी के तेज बहाव में बहकर आई एक महिला की लाश से सोने के कुंडल चुराए गए थे. लोग महिला के कान से बालियां बेहरमी से खींचते हुए दिखे थे. इसके बाद चोरी के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था. इस वीडियो में दो शख्स बाढ़ के पानी में तैरती हुई एक महिला के शव से सोने के कुंडल निकालते हुए साफ दिखाई दे रहे थे. वीडियो सामने आते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved