
सिवनी। सिवनी के केवलारी थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सामाजिक रिश्तों और वैवाहिक जीवन को लेकर नई बहस छेड़ दी है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने की सहमति दे दी। खास बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पति, पत्नी और प्रेमी तीनों ने थाने में लिखित आवेदन भी दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अहरवाड़ा निवासी शंशाक लखेरा का विवाह अप्रैल 2024 में अपूर्वा लखेरा के साथ हुआ था। शादी के शुरुआती कुछ समय तक सब सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे अपूर्वा का गांव के ही युवक जयदीप तिवारी के साथ प्रेम संबंध शुरू हो गया। दोनों के बीच लगातार बातचीत और मुलाकातें होने लगीं।
परिजनों और समाज के लोगों ने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। आखिरकार मामला थाने तक पहुंच गया। 17 अप्रैल को केवलारी थाना में पति, पत्नी और प्रेमी तीनों मौजूद हुए।
थाने में अपूर्वा लखेरा ने लिखित आवेदन देकर स्पष्ट किया कि वह जयदीप तिवारी से प्रेम करती है और उसी के साथ रहना चाहती है। उसने अपनी इच्छा से पति का घर छोड़ने की बात कही।
इसके बाद पति शंशाक लखेरा ने भी लिखित आवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि वह अपनी पत्नी को उसकी इच्छा के अनुसार प्रेमी के साथ जाने की सहमति देता है। उसने इस फैसले को आपसी सहमति का मामला बताया।
वहीं, जयदीप तिवारी ने भी लिखित रूप में यह स्वीकार किया कि वह अपूर्वा को अपनी पत्नी के रूप में रखेगा और उसकी जिम्मेदारी उठाएगा। पुलिस के अनुसार, तीनों पक्षों द्वारा लिखित आवेदन दिए जाने के बाद इसे आपसी सहमति का मामला माना गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने आपत्ति नहीं जताई है।
इसलिए पुलिस ने आवेदन दर्ज कर आगे की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह अनोखा मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे बदलते सामाजिक मूल्यों और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के नजरिए से देख रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग इसे पारंपरिक रिश्तों के लिए चुनौती मान रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved