
नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई मैदानी इलाकों में ठंड के साथ-साथ आज सुबह जहां घना कोहरा दिखा, वहीं दिल्ली में दिन में अंधेरा नजर आया और कोहरे से विजिबिलिटी कई जगह पर शून्य हो गई। इसके अलावा पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में भी कुछ ऐसे ही हालात दिखे। कोहरा और बढऩे का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में कईजगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी नीचे घट सकती है। सुबह सात बजे के बाद कोहरा और बढ़ गया है। इसके चलते रेल और हवाई सेवाओं पर असर पडऩे की भी आशंका है। हालांकि, राजधानी दिल्ली को मौजूदा भीषण ठंड से थोड़ी राहत मिली थी।
आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से मात्र 0.1 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 3.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। इससे पहले उत्तरी भारत बुधवार को भी भीषण शीतलहर की चपेट में रहा। पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 10 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया और कश्मीर में डल झील जम गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved