
वॉशिंगटन । अमेरिका इस समय कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देशों की सूची में आगे चल रहा है, जहां एक दिन में 77,000 संक्रमित पाए गए वहीं इस दौरान 969 लोगों की मौत भी हुई। अमेरिका ने संक्रमण के मामलों में अपना ही रिकार्ड तोड़ते हुए पिछले 24 घंटों में 77,217 नए मामले दर्ज किए हैं।
यह महामारी फैलने के बाद से अब तक यहां एक दिन में सबसे ज्यादा मामले हैं। 10 जुलाई को यहां 68 हजार मामले सामने आए थे। यहां सबसे ज्यादा प्रभावित न्यूयॉर्क है जहां 4,31,380 संक्रमित मिले हैं।
जानकारी के अनुसार यहां टेक्सास और एरिजोना में शवों को रखने की जगह तक खत्म होने के कारण उन्हें दफनाने के लिए बाहर भेजा जा रहा है। उधर, व्हाइट हाउस के अनुसार कोरोना वायरस संक्रमण का पता लगाने के लिए सबसे ज्यादा नमूनों की जांच अमेरिका के बाद भारत ने की हैं।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कायले मैकनेनी ने बताया कि कोरोना वायरस की जांच के लिए हमने 4.2 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की है। इसके बाद भारत में सर्वाधिक 1.2 करोड़ नमूनों की जांच हुई है। जांच के मामले में हम पूरे विश्व में पहले नंबर पर हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved