
हरदोई। यूपी के हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र के टिकार गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां मंगलवार देर रात दुकान बढ़ाते समय 35 वर्षीय अभय सिंह उर्फ रामू को काउंटर के नीचे बैठे सांप ने डस लिया। सांप के डसने के बाद अभय को तेज नींद आने लगी। डॉक्टरों की सलाह पर छोटे भाइयों ने उसे सोने नहीं दिया और करीब एक घंटे में 150 से ज्यादा थप्पड़ मारे।
अभय सिंह उर्फ रामू टिकार गांव के रहने वाले हैं और रामू मोबाइल एंड जनरल स्टोर चलाते हैं। मंगलवार 29 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह दुकान बढ़ा रहे थे। इसी दौरान काउंटर के नीचे बैठे सांप ने उनके पैर में डस लिया। अभय ने नीचे देखा तो सांप नजर आया। उन्होंने तुरंत अपने पिता रविंद्र प्रताप को घटना की जानकारी दी।
परिजन अभय को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू करते हुए एंटी वेनम की 10 इंजेक्शन लगाए। हालत में सुधार नहीं होने पर रात करीब 10:30 बजे अभय को मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया। परिवार के लोग उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर शाबान अहमद की टीम ने इलाज शुरू किया।
मेडिकल कॉलेज में अभय को 10 और एंटी वेनम इंजेक्शन दिए गए। इस तरह सीएचसी और मेडिकल कॉलेज में कुल 20 एंटी वेनम इंजेक्शन लगाए गए। इलाज के दौरान अभय को तेज नींद आने लगी और वह बार-बार बेहोशी की हालत में जाने लगे। डॉक्टर शाबान अहमद और उनकी टीम ने परिजनों से कहा कि मरीज को सोने नहीं देना है और लगातार होश में रखने की कोशिश करनी है।
इसके बाद अभय के छोटे भाई रमन और अनिरुद्ध उन्हें जगाए रखने में जुट गए। दोनों भाइयों ने करीब एक घंटे तक अभय को जगाए रखा। परिवार के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने अभय को 150 से ज्यादा थप्पड़ मारे, ताकि वह सो न जाएं। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में करीब तीन घंटे तक इलाज और निगरानी चलती रही। इसके बाद अभय की हालत में सुधार हुआ और उन्हें होश आ गया।
डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि अभय की हालत में सुधार है और फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं। गंभीर स्थिति बनने पर उन्हें लखनऊ के केजीएमयू रेफर किया जा सकता था, लेकिन हालत सुधरने के बाद मेडिकल कॉलेज हरदोई में ही इलाज जारी रखा गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved