कानपुर। उत्तर प्रदेश के (Kanpur) में एक ऐसी घटना सामने आई जिसने दर्द, हिम्मत और सच्चे प्रेम (True love) की नई मिसाल पेश कर दी। शादी से पहले हुए दर्दनाक हादसे में दुल्हन समेत 12 लोग झुलस गए, लेकिन दूल्हे ने मुश्किल घड़ी में भी साथ नहीं छोड़ा और अस्पताल के बर्न वार्ड में ही अपनी दुल्हन की मांग भरकर उसे जीवनसंगिनी बना लिया।
मेहंदी की खुशियां अचानक मातम में बदलीं
घटना घाटमपुर क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव की है। यहां रहने वाले जगदीश सिंह की बेटी गरिमा सिंह उर्फ श्वेता की शादी कानपुर निवासी विकास सिंह से तय थी। घर में मेहंदी समारोह चल रहा था, रिश्तेदारों की भीड़ थी और शादी की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही थीं।
इसी दौरान किचन में गैस सिलेंडर की पाइप से रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई। आग बुझाने की कोशिश के दौरान चूल्हे पर रखी गर्म तेल की कड़ाही पलट गई, जिससे कई लोग झुलस गए।
इस हादसे में दुल्हन गरिमा, उसके पिता और एक फोटोग्राफर समेत कुल 12 लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को चार एंबुलेंस की मदद से पहले घाटमपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। दुल्हन और परिवार के कुछ सदस्यों को जाजमऊ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दूल्हे ने कहा- हर परिस्थिति में निभाऊंगा साथ
जब हादसे की जानकारी दूल्हे विकास और उसके परिवार को मिली तो वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों और परिजनों ने गरिमा की हालत देखते हुए शादी टालने की सलाह दी, लेकिन विकास ने साफ कहा कि रिश्ता सिर्फ अच्छे दिनों के लिए नहीं होता।
उसने कहा कि अगर वह इस समय पीछे हट गया तो यह गरिमा के साथ अन्याय होगा। उसने फैसला किया कि शादी तय समय पर ही होगी।
बर्न वार्ड बना शादी का मंडप
दूल्हे के फैसले के बाद अस्पताल प्रशासन से अनुमति ली गई। नर्सिंग स्टाफ और परिवार के लोगों ने बर्न वार्ड के एक हिस्से को फूलों और मालाओं से सजाया।
शुक्रवार रात साधारण कपड़ों में पहुंचे विकास ने अस्पताल के बेड पर लेटी गरिमा की मांग में सिंदूर भरा। वहां न बैंड था और न ही शहनाई, लेकिन मौजूद हर व्यक्ति इस भावुक पल का गवाह बन गया।
दुल्हन दर्द में थी, लेकिन उसके चेहरे पर विश्वास और आंखों में भावनाएं साफ दिखाई दे रही थीं। अस्पताल का बर्न वार्ड कुछ देर के लिए शादी के मंडप में बदल गया और यह शादी लोगों के लिए प्रेम और वफादारी की मिसाल बन गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved