मुंबई। समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी (Abu Azmi) ने महाराष्ट्र के Pune में एक मुस्लिम युवक को कथित तौर पर गोबर खिलाने की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। समाज वादी पार्टी (Samajwadi Party) के नेता ने कहा कि अगर किसी वाहन में जानवर ले जाए जा रहे थे, तो उसे रोककर जांच करने का अधिकार किसी संगठन को नहीं है।
आजमी ने कहा कि कुछ लोगों ने ट्रक को रोककर युवक के साथ मारपीट की और उसे जबरन गोबर खिलाया। उनका आरोप है कि इस मामले में शामिल कुछ लोगों पर पहले भी केस दर्ज हो चुके हैं, लेकिन उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ गया है।
‘मजहब को गाली दी जाए तो कैसे बर्दाश्त करें’
अबू आजमी ने कहा कि घटना के दौरान अल्लाह और कुरान के खिलाफ अपमानजनक बातें कही गईं। उन्होंने कहा, “अगर हमारे सामने हमारे मजहब को बार-बार गाली दी जाए तो हम इसे कैसे बर्दाश्त करें। पानी अब सिर से ऊपर जा रहा है। सरकार को ऐसी घटनाएं रोकनी चाहिए।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शुरुआत में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में भी देरी की।
ट्रक रोककर की गई मारपीट
रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित युवक ट्रक से भैंसों को लेकर मुंबई जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने वाहन रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने युवक और उसके सहायक से मारपीट की, धार्मिक गालियां दीं और पुलिस स्टेशन के सामने ही उसे जबरन गोबर खाने के लिए मजबूर किया।
बताया गया है कि युवक को उल्टी होने के बावजूद उसकी पिटाई जारी रही। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और मामले को लेकर आक्रोश फैल गया। पीड़ित युवक Mumbai का रहने वाला बताया जा रहा है और घटना के बाद वह पुणे लौटने से डर रहा है।
दबाव के बाद दर्ज हुई एफआईआर
सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर शुरू में कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने Ambegaon पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी कथित तौर पर Bajrang Dal से जुड़े हुए हैं और उन पर पहले भी हिंसा और वसूली जैसे मामलों के आरोप लग चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved