
इंदौर। इंदौर में फर्जी पत्रकार बनकर एक महिला कर्मचारी को ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्रम विभाग में कार्यरत महिला से मिलने पहुंचे आरोपी ने पहले खुद को पत्रकार बताते हुए बीमा संबंधी सुविधाओं की जानकारी देने का बहाना बनाया और फिर भरोसा जीतकर 5,000 रुपये थमा दिए। इसके बाद उसने छिपे कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड कर महिला को उसी वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंदौर में फर्जी पत्रकार बनकर एक महिला कर्मचारी को ब्लैकमेल करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महिला ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पूरी कहानी उजागर हुई। जानकारी के मुताबिक, आरोपी अजीत चौरसिया श्रम विभाग में काम करने वाली महिला से मिलने उसके दफ़्तर पहुंचा और खुद को पत्रकार बताते हुए बीमा योजनाओं की जानकारी देने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान उसने लेबर के बीच लाभ बांटने का लालच दिया और विश्वास जीतने के बहाने महिला को 5,000 रुपये थमा दिए।
महिला को बिना बताए आरोपी ने गुप्त रूप से स्पाई कैमरे और मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उसने अचानक अपना रुख बदलते हुए महिला पर पैसे लेने का आरोप लगाया और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पहले उसने 50,000 रुपये की मांग की, फिर रकम बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी। महिला के इंकार करने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और अंततः पीड़िता ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, शिकायत की जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ धारा 384 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसे रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से स्पाई कैमरा, मोबाइल और रिकॉर्डिंग डिवाइस बरामद हुई है। पुलिस अब यह भी जांच रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी ऐसे ब्लैकमेलिंग के मामले किए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved