
नई दिल्ली। पंजाब सरकार(Punjab government) के हालिया फैसले ने देशभर में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान(Chief Minister Bhagwant Mann’s) द्वारा भीड़भाड़ वाले इलाकों से आवारा कुत्तों (stray dogs)को हटाने की घोषणा के बाद जहां एक वर्ग इस निर्णय का समर्थन कर रहा है, वहीं दूसरी ओर पशु प्रेमी और कई सेलेब्स इस पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। मामला अब सिर्फ प्रशासनिक निर्णय नहीं रहा, बल्कि यह संवेदनशील सामाजिक और मानवीय मुद्दे के रूप में सामने आ गया है।
इसी बीच बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय सिंगर मीका सिंह ने एक बड़ा और भावनात्मक कदम उठाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए घोषणा की है कि वह अपनी लगभग 10 एकड़ जमीन आवारा कुत्तों के लिए दान करेंगे, जहां उनके लिए एक सुरक्षित शेल्टर होम तैयार किया जा सकेगा। मीका का कहना है कि यह स्थान सिर्फ आश्रय नहीं होगा, बल्कि वहां कुत्तों के लिए भोजन, इलाज और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था भी होगी।
मीका सिंह ने अपने संदेश में कहा कि कोई भी जानवर हिंसा, यातना या मारने का हकदार नहीं होता, चाहे उसे किसी भी कारण से “कंट्रोल” करने की बात क्यों न कही जाए। उन्होंने यह भी कहा कि असली इंसानियत ताकतवर लोगों के साथ व्यवहार से नहीं, बल्कि कमजोर और असहाय जीवों के प्रति हमारे रवैये से पहचानी जाती है।
अपने भावनात्मक संदेश में उन्होंने लिखा कि आवारा कुत्ते बोल नहीं सकते, अपनी रक्षा नहीं कर सकते, लेकिन वे सिर्फ वफादारी, प्यार और जीवित रहने की कोशिश जानते हैं। ऐसे में उनके लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है।
हालांकि मीका ने यह भी स्पष्ट किया कि इस परियोजना को सफल बनाने के लिए उन्हें सरकार, प्रशासन और सुप्रीम कोर्ट तक के सहयोग की आवश्यकता होगी, ताकि इसे बड़े स्तर पर लागू किया जा सके और उचित प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।
इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर मीका सिंह की जमकर सराहना हो रही है। कई लोगों ने उनके इस कदम को “मानवता की मिसाल” बताया है। वहीं कुछ यूजर्स ने इसे एक प्रेरणादायक पहल बताते हुए अन्य सेलेब्स से भी आगे आने की अपील की है।
उधर, पंजाब सरकार के फैसले को लेकर विरोध और समर्थन दोनों ही जारी हैं। पशु अधिकार संगठनों का कहना है कि समस्या का समाधान केवल हटाने से नहीं, बल्कि वैज्ञानिक और मानवीय तरीकों से किया जाना चाहिए। इस पूरे विवाद के बीच मीका सिंह की यह पहल अब चर्चा का केंद्र बन गई है, जिसने इस मुद्दे को एक नया मानवीय दृष्टिकोण दे दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved