
भोपाल। वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने के लिए भाजपा प्रदेश व्यापी अभियान चला रही है। ‘कोरोना मुक्त मध्यप्रदेश बनायें, आओ वैक्सीन लगवाएं’ अभियान के तहत भोपाल के एम्स अस्पताल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने हेल्प डेस्क पर बैठकर लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया। प्रदेश अध्यक्ष ने टीकाकरण करवाने वाले लोगों को जूस और बिस्किट वितरीत किए। विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे मध्यप्रदेश में जहां वैक्सीनेशन हो रहा है, उन स्थानों पर हेल्प डेस्क लगाकर लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित कर रही है। जो लोग टीकाकरण करवा रहे हैं, उनके लिए हेल्प डेस्क पर पानी, बिस्किट एवं जूस आदि की व्यवस्था की जा रही है। इस अभियान में पार्टी के कार्यकर्ता वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने के लिए घर-घर पहुंच रहे हैं।
वैक्सीनेशन अधिक हो यह संकल्प लें कार्यकर्ता
शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी कार्यकर्ता यह संकल्प लें कि अधिक से अधिक वैक्सीनेशन हो, इस अभियान में दुगनी ताकत के साथ हर कार्यकर्ता जुटें। उन्होंने बताया कि लोगों को मास्क लगाने और टीकाकरण के लिए पेम्पलेट्स वितरण कर जनजागरण अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जो सामाजिक भूमिका निभाई है, उतनी किसी भी दल ने नहीं निभाई। आज भी पार्टी नेतृत्व के आधार पर कार्यकर्ता लगातार जनसेवा में जुटे हुए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved