
इन्दौर। लंबे समय बाद इंदौर में हिंदी फीचर फिल्म का लंबा शूटिंग शेड्यूल एक बार फिर होने जा रहा है। फिलहाल महेश्वर और उसके नजदीक एक गांव में फिल्म ‘नीली शर्ट-खाकी पेंट’ की शूटिंग चल रही है। अगले हफ्ते से इस शूटिंग का शेड्यूल इंदौर में तय हुआ है। पिछले 3 दिन से फिल्म की शूटिंग महेश्वर और उसके पास एक गांव महेतवाड़ा में चल रही है। इस फिल्म में मुख्य किरदार में जिमी शेरगिल, पूजा गौर, गोविंद नामदेव और राहुल सिंह हैं। जिमी शेरगिल इस फिल्म में एक शिक्षक की भूमिका में है।
फिल्म लाइन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, 7 दिन का शेड्यूल महेश्वर का है। इसके बाद अगले हफ्ते में इंदौर में 15 से 20 दिन इसकी शूटिंग होगी। इसके लिए शहर में कुछ बगीचों, अस्पताल और शहर की खास लोकेशन की रैकी की गई थी। फिल्म की टीम के साथ ही निर्देशक भी इंदौर शूटिंग लोकेशन देखने के लिए पहुंचे थे। हालांकि, इंदौर में शूटिंग लोकेशन को लेकर कोई भी बात आम नहीं की गई है।
मांडू होगी तीसरी सिटी
इस फिल्म को महेश्वर, इंदौर के अलावा मांडू में भी शूट किया जाना है। 10 से 12 दिन का शेड्यूल मांडू का तय हुआ है। इस पूरी फिल्म की शूटिंग इन तीन शहरों में ही होना है। मुख्य किरदारों के अलावा कुछ किरदार भोपाल और इंदौर से भी लिए गए हैं। स्थानीय जूनियर कलाकारों को भी फिल्म में मौका मिला है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved