हापुड़ | ध्वजारोहण के बाद कांग्रेसियों ने भाजपा नेता संबित पात्रा का पुतला फूंका और भाजपाइयों ने उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया।
देश के 74वें स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर विभिन्न राजनीतिक दलों ने भी ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया। भाजपा ने अतरपुरा चैराहा स्थित पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के सामने ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया। भाजपा के जिलाध्यक्ष उमेश राणा और स्थानीय विधायक विजयपाल आढ़ती ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर विधायक ने स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान होने वाले भारतमाता के वीर सपूतों को नमन किया।
ध्वजारोहण के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी की मौत के लिए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को जिम्मेदार मानते हुए उनका पुतला फूंका। उन्होंने संबितपात्रा मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। इस घटना से नाराज भाजपाइयों ने कोतवाली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया।
इसके अतिरिक्त सपा ने अपने जिला कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। सपा के जिलाध्यक्ष तेजपाल प्रमुख ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कांग्रेसियों द्वारा संवित पात्रा का पुतला फूंके जाने की घटना को भाजपा का ही षड़यंत्र करार दिया। बसपा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बसपा के जिलाध्यक्ष ए.के. वर्मा ने ध्वजारोहण ने किया। उन्होंने कहा महान स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में रहने का गौरव प्राप्त कर पा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस द्वारा पुतला फूंके जाने की घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह कांग्रेस द्वारा स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर माहौल खराब करने की साजिश थी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved