
नई दिल्ली । 90 के दशक (90s)में जिन रिश्तों ने बॉलीवुड (Bollywood)की सुर्खियां बटोरीं, उनमें अक्षय कुमार (Akshay Kumar)और रवीना टंडन (Raveena Tandon) का नाम सबसे ऊपर था। कभी दोनों के अफेयर, सगाई और फिर ब्रेकअप की खबरें मैगज़ीन की हेडलाइन बनती थीं। बाद में इस कहानी में शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty)की एंट्री ने इस रिश्ते को और विवादित बना दिया था। लेकिन समय के साथ हालात बदले और अब यही तिकड़ी एक नई समझ और दोस्ती के साथ आगे बढ़ चुकी है।
हाल ही में एक इंटरव्यू में रवीना टंडन ने अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी के साथ अपने रिश्तों को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वह दौर अब पीछे छूट चुका है और आज तीनों के बीच सिर्फ दोस्ती और आपसी सम्मान है। रवीना ने साफ शब्दों में कहा, “हम सब अब दोस्त हैं। हम उस उम्र में थे जब बहुत कुछ सीख रहे थे। इस इंडस्ट्री में लिंक-अप और ब्रेक-अप आम बात है। आज हम सब अपने-अपने परिवारों और बच्चों के साथ खुश हैं।”
रवीना ने यह भी बताया कि हाल ही में उन्होंने अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘वेलकम 3’ की शूटिंग पूरी की है और सेट पर दोनों ने खूब मस्ती की। उनके मुताबिक, इतने सालों बाद दोबारा साथ काम करना बेहद सहज और मजेदार अनुभव रहा। उन्होंने कहा, “हमने पूरी टीम के साथ शूटिंग एन्जॉय की। यह एक बहुत फनी फिल्म है और हमने साथ काम करते हुए बहुत हंसी-मजाक किया। इंसान को समय के साथ परिपक्व होना पड़ता है। अक्की और मैं हमेशा अच्छे दोस्त रहे हैं।”
यह बयान इसलिए भी खास है क्योंकि 90 के दशक में दोनों के रिश्ते ने काफी हलचल मचाई थी। खबरों के मुताबिक, दोनों ने सगाई भी की थी, जो बाद में टूट गई। इसके बाद अक्षय कुमार का नाम शिल्पा शेट्टी के साथ जुड़ा। उस समय रवीना और शिल्पा के बीच तल्ख बयानबाजी भी हुई थी और मीडिया में कई तरह की चर्चाएं हुईं। हालांकि अब हालात बिल्कुल अलग हैं। रवीना ने साफ किया कि उनके मन में किसी के लिए कोई कड़वाहट, जलन या नाराजगी नहीं है।
समय ने तीनों को एक नई समझ दी है। आज जहां अक्षय कुमार अपनी पारिवारिक जिंदगी में खुश हैं, वहीं रवीना और शिल्पा भी अपने-अपने जीवन में आगे बढ़ चुकी हैं। इंडस्ट्री में कई बार रिश्ते बनते और टूटते हैं, लेकिन हर कहानी का अंत कड़वाहट में हो, यह जरूरी नहीं। रवीना के ताजा बयान से यही साफ होता है कि परिपक्वता और समय पुराने घावों को भर देते हैं।
एक दौर में जो रिश्ता चर्चा और विवाद का विषय था, आज वही दोस्ती और सम्मान की मिसाल बन गया है। रवीना का यह बयान बताता है कि जिंदगी में आगे बढ़ना और रिश्तों को नई परिभाषा देना ही असली जीत है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved