
नई दिल्ली. अमेरिका (US) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (President Donald Trump) ने भारत (India) के मुख्य चुनाव आयुक्त (Chief Election Commissioner) ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) का हवाला देते हुए अमेरिका में हर वोटर के लिए फोटो पहचान पत्र अनिवार्य करने की मांग की है. ट्रंप ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने उनके प्रशासन से पूछा था कि अमेरिका में बिना वैध फोटो आईडी के चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं. उन्होंने इस बयान का इस्तेमाल SAVE अमेरिका एक्ट को पास कराने के लिए समर्थन जुटाने के मकसद से किया है.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखी पोस्ट में कहा कि हाल के भारतीय आम चुनाव में एक प्रतिशत से भी कम वोटरों ने पोस्टल बैलेट का इस्तेमाल किया था. उन्होंने बताया कि भारत में हर वोटर के पास वैध फोटो पहचान दस्तावेज था.
ट्रंप ने लिखा कि इसी महीने की शुरुआत में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उनके प्रशासन से यह सवाल पूछा था कि अमेरिका में बिना वैध फोटो आईडी के चुनाव कैसे हो सकते हैं. उन्होंने आगे लिखा कि भारत के पिछले चुनाव में 64 करोड़ 60 लाख वोटरों ने हिस्सा लिया था और इनमें से एक प्रतिशत से भी कम लोगों ने डाक के जरिए वोट डाला था. उनके मुताबिक हर वोटर के पास वैध फोटो पहचान दस्तावेज होना जरूरी था.
ट्रंप ने इस पोस्ट में जोर देकर कहा कि अब SAVE अमेरिका एक्ट को पास कराना जरूरी हो गया है. यह कानून अमेरिकी नागरिकों के लिए वोटर रजिस्ट्रेशन के समय नागरिकता का सबूत दिखाना अनिवार्य करेगा. इसके अलावा यह पूरे देश में वोटर आईडी की व्यवस्था लागू करेगा और डाक के जरिए वोटिंग पर सख्त पाबंदी लगाएगा. ट्रंप का दावा है कि इस कानून से चुनावी धोखाधड़ी रोकने में मदद मिलेगी.
हालांकि इस मुद्दे पर अमेरिका में डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन्स के बीच मतभेद बना हुआ है. इसी महीने अमेरिकी सीनेट पांच हफ्ते की छुट्टी पर चली गई थी और इस दौरान इस कानून को पास कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका.
डोनाल्ड ट्रंप के पोस्ट पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने भी ट्रंप के बात से सहमति जताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved