
इन्दौर। ईरान और इजराइल के बीच शुरू हुए युद्ध के बीच ईरान ने यूएई सहित आठ देशों में मिसाइल हमले शुरू कर दिए हैं। इसमें यूएई भी शामिल है। इसके कारण यूएई के सभी एयरपोट्र्स जिसमेें दुबई, शारजाह और अबूधाबी शामिल हैं, कल से बंद हैं। इसके कारण कल के बाद आज भी शारजाह से इंदौर आने और जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें निरस्त कर दी गई हैं। इसके कारण इंदौर सहित प्रदेश के सैकड़ों यात्री यूएई में फंस गए हैं। दो पूर्व विधायकों सहित इंदौर के एक बड़े कारोबारी और उनके साथी दुबई की जिस होटल में ठहरे थे, उसके पास की ही पार्क जुमेरा होटल में मिसाइल गिरी और धमाका हुआ। घटना के बाद इंदौर के सभी लोगों ने उस इलाके को छोडक़र दूसरी होटल में शरण ली। कारोबारी पिंटू छाबड़ा ने बताया कि उनके परिजन और सभी साथी सुरक्षित हैं। इंदौर से गया एक अन्य परिवार अबूधाबी मेें फंसा है। हालांकि वहां हालात सामान्य हैं, लेकिन फ्लाइटों के बंद होने के कारण वापसी मुश्किल हो रही है।

उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा इंदौर से शारजाह के बीच नियमित उड़ानों का संचालन किया जाता है। कल ईरान और इजराइल के बीच शुरू हुए युद्ध के चलते कंपनी ने अपनी आने और जाने वाली उड़ानों को निरस्त कर दिया था और आज भी उड़ानें निरस्त करने की घोषणा की है। ऐसे में शारजाह, अबूधाबी और दुबई से इंदौर आने वाले यात्री वहीं फंस गए हैं। इंदौर से दुबई के लिए गए दो पूर्व विधायक संजय शुक्ला और विशाल पटेल के साथ ही कारोबारी पिंटू छाबड़ा, उनका बेटा करण छाबड़ा और बहू के साथ ही प्रवीण कक्कड़, संजय अग्रवाल एवं अन्य साथी दुबई गए हुए हैं।
वे कल ही लौटने वाले थे, लेकिन वे जिस होटल में ठहरे थे, उसके पास ही स्थित पार्क जुमेरा होटल में धमाके के बाद उन्होंने भारतीय दूतावास की सलाह पर उक्त इलाका छोडक़र अन्य इलाके में स्थित होटल हयात में शरण ली। कारोबारी पिंटू छाबड़ा ने बताया कि यहां लगातार धमाकों की आवाज आ रही हैं और सायरन बज रहे हैं। वहां घूमने गए भारतीयों में जहां डर का माहौल है, वहीं इंदौर सहित देश के कई लोग दुबई में ही रह रहे हैं और ताजा हमलों से उनमें भी चिंता बनी हुई है। इंदौर से अपने परिवार के साथ 6 लोगों के साथ 26 फरवरी को शारजाह गए सुमित टोंग्या ने बताया कि वे अभी अबूधाबी में हैं। कल उन्होंने अपनी होटल के पास धमाकों की आवाजें भी सुनी। आसमान में उड़ती मिसाइलें भी देखीं। इससे यहां लोगों में घबराहट की स्थिति है। हालांकि आज सुबह से हमले शांत हैं। उन्होंने बताया कि काफी लोग फ्लाइट्स बंद होने से यहां फंस गए हैं। उनकी भी वापसी की फ्लाइट 3 मार्च को है और इसे लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
मंत्री विजयवर्गीय हैं इंदौरियों के संपर्क में… कहा- ओमान से लौटने का प्रयास करें
इंदौरियों के दुबई सहित यूएई के विभिन्न शहरों में फंसने की खबर के बाद मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने ताजा हालातों की जानकारी लेते हुए दिल्ली में विभिन्न मंत्रालयों से संपर्क कर दुबई में फंसे इंदौर के लोगों की वापसी के उपायों के बारे में चर्चा की। उन्होंने दुबई में फंसे पूर्व विधायकों सहित कारोबारी पिंटू छाबड़ा से चर्चा कर कहा कि वे ओमान से लौटने का प्रयास करें, फिलहाल भारत-ओमान के बीच हवाई संपर्क जारी है। उन्होंने कहा कि वे किसी समुद्री मार्ग से लौटने का प्रयास न करें। उन्होंने यूएई में फंसे लोगों को भारतीय दूतावास से संपर्क रखने और उनकी हिदायतें मानने की भी सलाह दी।
मोबाइल पर आया अलर्ट मैसेज
घटना तो दुबई में हुई, लेकिन पूरे यूएई में सतर्कता बरती जा रही है। अबूधाबी में ठहरे सुमित ने बताया कि उनके मोबाइल पर कल यूएई प्रशासन की ओर से कल एक चेतावनी मैसेज भी आया, जिसमें लिखा था कि वर्तमान स्थिति के कारण संभावित मिसाइल खतरे की आशंका है। कृपया तुरंत नजदीकी सुरक्षित इमारत में शरण लें और खिडक़ी, दरवाजे तथा खुले क्षेत्रों से दूर रहें। आगे के निर्देशों की प्रतीक्षा करें।
जाने वाले यात्रियों के टूर भी हुए निरस्त
ट्रेवल्स एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि युद्ध के कारण उड़ानें निरस्त हो जाने से इंदौर सहित प्रदेश के यूएई सहित अन्य देशों में जाने वाली कई उड़ानें निरस्त हुई हैं। इसके कारण यात्रियों के पहले से बुक टूर पैकेज कैंसल हो रहे हैं। युद्ध के हालातों को देखते हुए कई पर्यटक खुद ही अपने टूर कैंसल करवा रहे हैं। जो यात्री वहां पहुंच चुके हैं, वे लगातार कैसे भी भारत तक लौटने की कोशिश कर रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved