
इंदौर। शहर में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। साल की पहली रात जहां सीजन की सबसे ठंडी थी, वहीं कल रात तापमान उससे भी कम रहा और दूसरी सबसे सर्द रात बन गई। पारा गिरकर 9.1 डिग्री पर जा पहुंचा, वहीं दिन में भी पहली बार तापमान 23 डिग्री के नीचे रहा।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री कम था, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और परसों रात से 0.3 डिग्री कम था। कल उत्तर-पूर्वी हवाएं 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं, जिससे ठंड की चुभन और ज्यादा महसूस हुई, वहीं आज सुबह से हवाएं पूर्वी बनी हुई हैं, जिनकी अधिकतम गति 10 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के टकराने से बर्फबारी हो रही है और उत्तरी हवाओं के साथ उसका ही असर इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved