नागपुर। कहते हैं भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं… नागपुर (Nagpur) में मंदिर चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें चोरों ने वारदात से पहले भगवान के सामने कान पकड़कर माफी मांगी और इसके बाद दानपेटी का ताला तोड़कर नकदी चुरा (broke in and stole cash) ली। हालांकि चोरी के बाद दोनों आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गईं। एक आरोपी फरार होने के दौरान सड़क हादसे में घायल होकर अस्पताल पहुंच गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में आरोपियों की हरकत देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
27 जुलाई की रात मंदिर में घुसे थे चोर
पुलिस के मुताबिक, 27 जुलाई की रात नागपुर के मालधक्का परिसर स्थित शीतला माता मंदिर और शिव मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया। दोनों आरोपी मंदिर में दाखिल हुए और दानपेटियों के ताले तोड़कर उनमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी चोरी से पहले भगवान के सामने खड़े होकर कान पकड़कर माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने दानपेटी का ताला तोड़ा और नकदी लेकर वहां से निकल गए।
छत्तीसगढ़ भागते समय हादसा
चोरी के बाद आरोपी जयनीत चौरे पुलिस से बचने के लिए छत्तीसगढ़ में अपने रिश्तेदार के यहां जाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन रास्ते में उसका सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में उसकी टांग टूट गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पुलिस को जब उसके बारे में जानकारी मिली तो उसकी गिरफ्तारी की तैयारी शुरू कर दी गई। पुलिस की एक टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए छत्तीसगढ़ रवाना हो गई है।
दूसरी तरफ नागपुर पुलिस ने तकनीकी निगरानी प्रणाली SIMBA की मदद से दूसरे आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वंश मेश्राम को पुलिस ने शहर के जरीपटका इलाके से पकड़ा।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी शराब के आदी हैं और शराब के नशे में हंगामा करने से जुड़े मामले पहले भी उनके खिलाफ दर्ज रहे हैं। पुलिस ने पुराने रिकॉर्ड और तकनीकी जानकारी को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
एक गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
फिलहाल वंश मेश्राम पुलिस की गिरफ्त में है, जबकि जयनीत चौरे अस्पताल में भर्ती बताया जा रहा है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम छत्तीसगढ़ पहुंच रही है।
लकड़गंज पुलिस थाने के सीनियर इंस्पेक्टर मुकुंद कवाडे ने बताया कि मंदिर चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा सड़क हादसे में घायल हुआ है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चोरी से पहले भगवान से माफी मांगने और उसके बाद दानपेटी तोड़ने की यह घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved