साढ़े 23 हजार एफआईआर, 18 हजार सायबर की शिकायतें

इन्दौर। शहर में अपराधों पर नियंत्रण के लिए दो साल पहले पुलिस कमिश्नरी लागू की गई थी। इसका कुछ खास असर देखने को नहीं मिला। अलबत्ता अब सायबर की शिकायतें तेजी से बढ़ रही हैं। इस साल 18 हजार से अधिक शिकायतें पुलिस के पास पहुंची हैं। यदि इन मामलों में केस दर्ज किया होता तो शहर में अपराध दो गुना हो जाते। पिछले तीन साल की बात करें तो 2021 में शहर में एक साल में 23 हजार केस दर्ज हुए थे। 2022 में 26 हजार केस दर्ज हुए थे। इस साल फिर साढ़े 23 हजार केस दर्ज हुए हैं। पिछले साल से केस कम दर्ज हुए हैं, लेकिन 2021 से अधिक केस इस साल दर्ज हुए हैं, जो बताते हैं कि अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन अब शारीरिक अपराधों से ज्यादा मामले सायबर अपराध के सामने आ रहे हैं। शहर पुलिस के पास रोजाना 50 के लगभग शिकायतें सायबर अपराध, जिनमें प्रमुख रूप से ठगी की पहुंच रही है।

इन मामलों में पुलिस केवल शिकायत लेकर जांच करती है। 150 मामलों में पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में केस दर्ज किया है। यदि पुलिस इन सब मामलों में केस दर्ज करे तो साल में 18 हजार से अधिक केस दर्ज करना पड़ेंगे और शहर में अपराध का ग्राफ लगभग दोगुना हो जाएगा। ऐसा नहीं है कि केवल इंदौर पुलिस सायबर के मामले में शिकायत दर्ज कर रही है। देशभर में पुलिस रिकार्ड खराब न हा,े इसके लिए सायबर अपराधों में केवल शिकायत दर्ज कर रही हैं, वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि शहर में चोरी और लूट में लगभग 15 करोड़ का चूना शहर के नागरिकों को लग रहा है, लेकिन सायबर अपराधी इससे भी अधिक का चूना शहर में लगा रहे हैं।

Leave a Comment