10 मई तक बनकर तैयार होगा महाराजवाड़ा का एक सैंपल रूम

इंदौर। पर्यटन विभाग के इंदौर रीजन के अंतर्गत आने वाले उज्जैन में पर्यटन विकास निगम के तैयार हो रहे एक और होटल का सैंपल रूम 10 मई तक बनकर तैयार होगा। महाकाल मंदिर परिसर के नजदीक स्थित महाराजवाड़ा को विभाग हेरिटेज होटल के रूप में तैयार करने का काम फरवरी से कर रहा है। पर्यटन विकास निगम ने इसके लिए 1047.41 लाख के टेंडर जारी किए थे।

श्री महाकाल महालोक के निर्माण के बाद उज्जैन में धार्मिक पर्यटन में काफी इजाफा हुआ है, जिसके बाद विकास कार्यों की गति में यहां महाराजवाड़ा को लेकर पर्यटन विकास निगम ने एक होटल तैयार करने का प्रस्ताव रखा था। इसका काम फरवरी से शुरू भी हो चुका है। हेरिटेज होटल के रूप में तैयार हो रहे इस होटल में फिलहाल फ्लोरिंग और सीवर लाइन का काम चल रहा है। साथ ही रेस्टोरेंट का काम भी शुरू हो चुका है।

विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारी इसे जल्दी ही तैयार करवाना चाहते हैं, इसलिए संभवत: अगले तीन महीने में ये बनकर तैयार होगा। इससे पहले काम कर रही कंपनी 10 मई को एक सैंपल रूम तैयार करके पर्यटन विकास निगम के अधिकारियों को दिखाएगी। उल्लेखनीय है कि यहां 22 रूम के अलावा एक किचन, एक रेस्टोरेंट तैयार किया जा रहा है। अब इस प्रोजेक्ट में एक रूफ टॉप रेस्टोरेंट भी जुड़ गया है। महाकाल मंदिर परिसर के नजदीक स्थित इस महाराज वाड़ा में पहले शासकीय महाराजवाड़ा हायर सेकंडरी स्कूल संचालित होता था। यहां 24 कमरे और काफी बड़ा मैदान मौजूद है। कमरों और इंटीरियर को पर्यटन विकास निगम अपनी निगरानी में तैयार करवा रहा है। महाराज वाड़ा में 10 करोड़ से ज्यादा के काम होना है।

Leave a Comment