भारत के गणतंत्र दिवस पर रूसी एंबेसी में धूम; जमकर नाचे कर्मचारी

नई दिल्ली (New Delhi.)। पूरा भारत देश आज 75वें गणतंत्र दिवस (75th republic day) का जश्न मना रहा है। आज दिल्ली में कर्तव्य पथ पर 90 मिनट की परेड के दौरान भारत अपनी बढ़ती सैन्य ताकत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रदर्शन करेगा। देश की महिला शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों पर केंद्रित इस भव्य समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।


75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर देश और दुनियाभर से बधाइयों का तांता लगा है। इस बीच भारत में रूस के दूतावास ने अनोखे अंदाज में बधाई दी है। रूसी दूतावास ने एक बड़ी ही खूबसूरत वीडियो शेयर करते हुए 75वें गणतंत्र दिवस की बधाई दी। वीडियो में रूसी दूतावास के कर्मचारी फिल्म गदर के गाने पर ‘मैं निकला गड्डी लेके…’ पर थिरकते नजर आ रहे हैं।

एक मिनट 29 सेकेंड के इस वीडियो में रूसी कर्मचारी तरह के डांस और स्टंट करते दिख रहे हैं। वीडियो के अंत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव सभी कर्मचारियों के साथ HAPPY REPUBLIC DAY के कार्ड पकड़े नजर आ रहे हैं। देखें ये वीडियो-

भारत आज 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्‍व में नयी दिल्‍ली में कर्तव्‍य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन हो रहा है। भारत को 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों से आजादी तो मिल गई थी लेकिन 26 जनवरी 1950 को भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित हुआ। इसी दिन देश का संविधान लागू हुआ था।

Leave a Comment