ड्यूटी से गायब रहने वाले चिकित्सकों पर कार्यवाही के लिए सिविल सर्जन ने कलेक्टर को लिखा पत्र

  • जिला अस्पताल में चिकित्सकों की मनमानी से उपचार के लिए भटकने मरीज मजबूर

जबलुपर। जिला चिकित्सालय विक्टोरिया में कई चिकित्सक अपनी मनमर्जी से डयूटी पर आते हैं और ज्यादातर डयूटी से नदारद रहते हैं। जिससे मरीजों को उपचार के लिए भटकने मजबूर होना पड़ता है। अस्पताल में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर मनीष मिश्रा ने कलेक्टर को पत्र लिखकर गायब रहने वाले चिकित्सकों पर कार्यवाही की मांग की है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि जिला अस्पताल के कैजुअल्टी वार्ड में इमरजेंसी चिकित्सा सेवा के लिए 1-5-2023 से 15-5-2023 तक डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई थी, पर डॉक्टरों ने ड्यूटी नही की और जब उन्हें फोन लगाया तो कोई जवाब नहीं दिया। वर्तमान में अभी 28 डॉक्टर अस्पताल में स्वीकृत हैं, उसमें से सिर्फ 4 डॉक्टर ही काम कर रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य व्यवस्था को बनाए रखना संभव नहीं है। इसके अलावा बजरंग दल एवं कांग्रेस की मुठभेड़ में कानून व्यवस्था की स्थिति भी बनी हुई है, जिला अस्पताल में चिकित्सकों के नहीं आने से अशांति का माहौल उत्पन्न हो सकता है, अगर समय पर स्थिति को संभाला नहीं गया तो अस्पताल की विकट स्थिति बन सकती है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी दूरभाष पर दी गई है।


अत: आपसे आग्रह है कि चुनाव का समय नजदीक होने से इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो इसलिए कठोर निर्णय लिया जाना चाहिए। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ मनीष मिश्रा ने बताया कि आकस्मिक चिकित्सा कक्ष में आने वाले मरीजों को खासा परेशान होना पड़ रहा है, इतना ही नहीं मरीज इलाज के लिए यहां-वहां भटक रहे हैं। जिन डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई थी वे या तो गायब है, या ड्यूटी करना नहीं चाहते हैं। जिला अस्पताल की स्थिति गंभीर बनी हुई है और मरीज इलाज के लिए दूसरे अस्पताल का रुख कर रहे हैं। सिविल सर्जन डॉक्टर मनीष मिश्रा ने 10 ऐसे डॉक्टरों का पत्र में उल्लेख किया है जिन्होंने की ड्यूटी नहीं की। जो डॉक्टर बिना बताए ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहे हैं उनमें डॉ पल्लवी ठाकुर, डॉ राजेश अहिरवार, डॉ साक्षी निगम, डॉ नितिन यादव, डॉ विशाखा सिंह, डॉ लुकमान खान, डॉ शुभी दुबे, डॉ मोहम्मद विलाल फारूखी, डॉ मुकेश कुमार सोनी, डॉ संदीप शुक्ला शामिल हैं। वहीं डॉ विनीता लोनावत और डॉ देवेंद्र कुमार लोधी ने आगामी ड्यूटी करने से मना कर दिया है।

Leave a Comment