रात्रि ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से आरक्षक का निधन

नलखेड़ा। स्थानीय पुलिस थाने में पदस्थ आरक्षक की ड्यूटी के दौरान हृदय गति रूक जाने से मृत्यु हो गई। उपचार के दौरान ही उनका निधन हो गया। जानकारी के अनुसार आरक्षक बाबूलाल वर्मा प्रतिदिन की तरह शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात चौक बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रहे थे। तभी रात 2 बजे के करीब उन्हें सीने में जलन हुई। इस पर साथी पुलिसकर्मी उनके लिए दवाई लेकर आये और दवाई दी। कुछ देर बाद वे बाइक से उपचार कराने सिविल अस्पताल गए। उन्होंने डॉक्टर को फोन लगाकर उपचार के लिए बुलाया। डॉक्टर उन्हें इंजेक्शन लगा ही रहे थे उसके पूर्व ही श्री वर्मा की मृत्यु हो गई।


पुलिस थाने में दी श्रद्धांजलि
आरक्षक बाबूलाल वर्मा का शव सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम के पश्चात पुलिस थाने में लाया गया। जहां थाना प्रभारी शशि उपाध्याय सहित पुलिसकर्मियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद उनका शव छापीहेड़ा के समीप ग्राम रामनगर ले जाया गया जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में एसडीओपी पल्लवी शुक्ला, थाना प्रभारी शशि उपाध्याय सहित अनेक पुलिसकर्मी उपस्थित थे।

पुलिस वेलफेयर निधि से दिया एक लाख रुपए का चेक
आरक्षक बाबूलाल वर्मा की ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर पुलिस वेलफेयर निधि से तत्काल एक लाख रुपए का चेक उनकी पत्नी को दिया गया।

Leave a Comment