लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की जम्बो कार्यकारिणी बनेगी

विधानसभा चुनाव के पहले बनना थी कार्यकारिणी, प्रत्याशियों ने कहा-अभी बनाओगे तो परेशानी आएगी

इन्दौर। लंबे समय से अटकी शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित होने की तैयारी अब की जा रही है। जब विनय बाकलीवाल थे तब कार्यकारिणी गठित नहीं हो पाई। सुरजीतसिंह चड्ढा को अध्यक्ष बने करीब 6 महीने हो गए हैं, लेकिन वे भी अपनी कार्यकारिणी नहीं बना पाए हैं। संभवत: नए साल में ही कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित होगी, जो लंबी होने की संभावना है।

विधानसभा चुनाव के पहले ही कांग्रेस की शहर कार्यकारिणी घोषित होना थी, लेकिन कुछ न कुछ कारण आते रहे। बताया जाता है कि चुनाव के पहले कई नेताओं और विधानसभा चुनाव के दावेदारों का कहना था कि कार्यकारिणी को लेकर कार्यकर्ताओं की राजी-नाराजगी सामने आ सकती है। जिन लोगों को नहीं बनाया जाएगा, ऐसे लोग चुनाव में गड़बड़ी करेंगे और ऐसा न हो कि वे नाराज होकर घर बैठ जाए। इसके बाद कार्यकारिणी घोषित करने का निर्णय टाल दिया गया था। चूंकि अब विधानसभा चुनाव निपट गए हैं और संगठन मजबूत करने की दृष्टि से कार्यकारिणी का गठन किया जाना है, ताकि लोकसभा चुनाव के पहले शहर का संगठन तैयार हो सके। बताया जा रहा हैकि एक-एक विधानसभा से 25 से 30 लोगों को लेने की तैयारी है। इस हिसाब से यह जम्बो कार्यकारिणी होगी। विधानसभा चुनाव हारने वाले प्रत्याशी भी अपने समर्थकों को उपकृत करना चाहते हैं, ऐसे में यह संख्या और बढ़ सकती है। सूत्रों का कहना है कि करीब 200 पदाधिकारियों की कार्यकारिणी पहले दौर में घोषित की जा सकती है। इसके पहले भी विनय बाकलीवाल जब अध्यक्ष बने थे तब भी कार्यकारिणी बनाने की चर्चा चली थी और तैयारियां की जा रही थी, लेकिन किसी न किसी कारण से मामला अटकता रहा। बाद में बाकलीवाल को पद से हटाने के बाद बिना कार्यकारिणी के ही काम चलता रहा, जबकि जिले कीकार्यकारिणी बनाई जा चुकी हैं।

अभी प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ भोपाल में नहीं है। उनके आने के बाद कार्यकारिणी के संबंध में उनसे चर्चा की जाएगी। संभवत: नए साल में ही नई कार्यकारिणी की घोषणा होगी।
-सुरजीतसिंह चड्ढा, शहर अध्यक्ष कांग्रेस

Leave a Comment